दिल से जुड़ी बीमारियां या हेल्थ प्रॉब्लम्स अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई हैं. बिगड़ा हुआ लाइफस्टाइल, स्ट्रेस, ठीक से नींद न लेना और गलत खानपान के चलते कम उम्र के लोगों में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. दरअसल, सुबह का समय दिल की सेहत के लिए बेहद सेंसिटिव माना जाता है. इस दौरान ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट स्वाभाविक रूप से बढ़ने लगते हैं. ऐसे में सुबह उठते ही की गई कुछ गलतियां दिल पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती हैं और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा सकती हैं.

लोगों को ये आदतें या गलतियां नॉर्मल लगती हैं लेकिन ये जान जाने की सिचुएशन भी पैदा कर सकती हैं. चलिए आपको एक्सपर्ट के जरिए बताते हैं कि सुबह की कौन सी गलतियां कम उम्र में हार्ट अटैक का शिकार बना देती हैं.

बिस्तर से अचानक उठ जाना

डॉ. अमर सिंघल कहते हैं कि कई लोग अलार्म बजते ही झटके से बिस्तर से उठ जाते हैं. लेकिन नींद से जागने के बाद शरीर को सामान्य स्थिति में आने के लिए कुछ समय चाहिए होता है. अचानक खड़े होने से ब्लड प्रेशर में तेजी से बदलाव हो सकता है, जिससे चक्कर आना, बेचैनी या दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि जागने के बाद 12 मिनट बिस्तर पर बैठकर धीरेधीरे उठें.

सुबह उठते ही मोबाइल देखने लगना

जागते ही मोबाइल पर ईमेल, सोशल मीडिया या समाचार देखने की आदत तनाव हार्मोन कोर्टिसोल को बढ़ा सकती है. नकारात्मक खबरें या काम का दबाव सुबह से ही मानसिक तनाव पैदा कर सकता है, जिससे हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है. लंबे समय तक यह आदत हृदय स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकती है.

पानी न पीना

रातभर सोने के दौरान शरीर कई घंटों तक बिना पानी के रहता है. सुबह उठने पर शरीर हल्का डिहाइड्रेटेड हो सकता है, जिससे खून अपेक्षाकृत गाढ़ा हो जाता है और हृदय को रक्त पंप करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है. इसलिए सुबह उठकर एक या दो गिलास सादा पानी पीना फायदेमंद माना जाता है.

खाली पेट चाय या कॉफी पीना

बहुत से लोग दिन की शुरुआत चाय या कॉफी से करते हैं. हालांकि खाली पेट अधिक कैफीन लेने से कुछ लोगों में हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है. खासकर हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग या चिंता की समस्या वाले लोगों को इस आदत से बचना चाहिए. बेहतर होगा कि पहले पानी पिएं और फिर हल्का नाश्ता करने के बाद चाय या कॉफी लें.

उठते ही भारी एक्सरसाइज शुरू कर देना

व्यायाम दिल के लिए फायदेमंद है, लेकिन बिना वार्मअप के अचानक भारी वर्कआउट करना सही नहीं है. सुबह के समय शरीर और मांसपेशियां पूरी तरह सक्रिय नहीं होतीं. ऐसे में अचानक तेज दौड़ना, भारी वजन उठाना या ओवर स्ट्रेंथवाली एक्सरसाइज करने से दिल पर दबाव बढ़ सकता है. एक्सपर्ट पहले स्ट्रेचिंग और हल्के वार्मअप की सलाह देते हैं.