Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही पलों में चार परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं. तेज आंधीतूफान और मूसलाधार बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने भिमोड़ी, कोमो और बम्हनी गांव में तबाही मचा दी. तीन अलगअलग घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया है, जबकि छह का उपचार बैहर अस्पताल में जारी है. सबसे दर्दनाक घटना बैहर तहसील के भिमोड़ी गांव के पास जंगल क्षेत्र में हुई. दोपहर करीब दो बजे 14 गांव वाले तालाब में मछली पकड़ने और नहाने गए थे. तभी अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई. जान बचाने के लिए कुछ लोग वन विभाग के कैंप में चले गए, जबकि चार युवक पास बने वॉच टावर की दूसरी मंजिल पर चढ़ गए.

तीन युवकों की मौत

इसी दौरान पास के एक विशाल पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में पूरा वॉच टावर आ गया. बिजली का तेज झटका लगते ही चारों युवक बुरी तरह झुलस गए. बिरवा निवासी 19 वर्षीय सतीश वलके और 18 वर्षीय लक्की मेरावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भिमोड़ी निवासी 32 वर्षीय झामसिंह ताराम ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया. चौथा युवक गंभीर रूप से झुलस गया.

दो की हालत गंभीर

हादसे में अतरिया निवासी रायसिंह अरर्मो , देवलाल टेकाम , भिमोड़ी निवासी कचरी बाई ताराम सहित अन्य लोग भी घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि वन विभाग के कैंप में शरण लेने वाले लोग सुरक्षित बच गए. सूचना मिलते ही बैहर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल बैहर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया.

आफत बनकर आई बारिश

दूसरी घटना गढ़ी थाना क्षेत्र के कोमो गांव में हुई. यहां 39 वर्षीय चंद्रावती आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. तीसरी घटना बैहर थाना क्षेत्र के बम्हनी गांव के बंदरिया टोला में हुई. दोपहर के समय तेज बारिश के दौरान एक घर पर ही आकाशीय बिजली गिर गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

इसकी चपेट में 65 वर्षीय कौशल्या बाई मेरावी और उनकी 6 वर्षीय नातन मोनू गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों को तत्काल एम्बुलेंस से बैहर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोल्हे ने बताया कि डायल100 पर सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस को तत्काल घटनास्थल भेजा गया. सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. भिमोड़ी हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि अन्य मामलों में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है.