हिमाचली खबर: Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से धोखाधड़ी और ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला और फिल्मी मामला सामने आया है. यहां के मशहूर फाइव स्टार होटल में चार शातिर युवक 41,000 से अधिक का आलीशान डिनर करने के बाद बिना बिल चुकाए बेहद शातिराना अंदाज में चंपत हो गए. वारदात की यह पूरी घटना होटल के रेस्तरां और मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. होटल प्रबंधन की लिखित शिकायत पर पुलिस ने टेबल बुक कराने वाले मुख्य आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और सर्विलांस व साइबर सेल की मदद से आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

ताजगंज थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, होटल अमर विलास के प्रबंधक रोबिन भारद्वाज ने इस मामले में असद खान नामक व्यक्ति को नामजद करते हुए शिकायत दर्ज कराई है. मैनेजर ने पुलिस को बताया कि 5 मई को होटल की आधिकारिक बोर्ड लाइन पर एक फोन आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद का नाम असद खान बताते हुए 7 मई की रात के लिए चार लोगों के वास्ते एक टेबल बुक कराई थी. तय समय के अनुसार, 7 मई की रात को एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से चार युवक बेहद रसूखदार और रईसजादों के अंदाज में होटल पहुंचे और अंदर दाखिल हुए.
खाना खाया और एकएक कर खिसके
चारों युवकों को होटल के बेहद महंगे और VIP ‘बेल्वयू रेस्तरां’ में बैठाया गया, जहां उन्होंने देर रात तक अपनी पसंद के लजीज डिनर और अन्य डिशेज का लुत्फ उठाया. खाने के बाद कुल 41,477 का बिल बना. जब बिल चुकाने का वक्त आया, तो युवकों ने पहले से तय शातिर प्लानिंग के तहत काम किया. पहले तीन युवक बेहद सामान्य तरीके से रेस्तरां से बाहर निकले और सीधे VIP पार्किंग में पहुंच गए. उन्होंने वहां खड़ी अपनी कार स्टार्ट की और होटल के मुख्य गेट से बाहर निकल गए.
इसके ठीक बाद मुख्य आरोपी असद खान ने रेस्तरां के वेटर से सिगरेट पीने का बहाना बनाया और खुले अहाते की तरफ आ गया. होटल के कर्मचारियों को लगा कि वो सिगरेट पीकर वापस लौटेगा और कार्ड या कैश के माध्यम से बिल का भुगतान कर देगा. लेकिन वह और भी चालाक निकला. लॉन में आते ही उसने सुरक्षाकर्मियों की नजर बचाकर मुख्य गेट की तरफ दौड़ लगा दी और बाहर सड़क पर इंतजार कर रही अपनी कार में बैठकर रफूचक्कर हो गया. काफी देर तक जब टेबल पर कोई वापस नहीं लौटा, तो स्टाफ के होश उड़ गए. कर्मचारियों ने तुरंत CCTV फुटेज खंगाले, जिससे उनके भागने की पुष्टि हुई.
कार का नंबर भी निकला फर्जी, सर्विलांस पर मोबाइल
ताजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि पीड़ित होटल प्रबंधन की तहरीर पर धोखाधड़ी और ठगी का केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी जिस स्विफ्ट डिजायर कार से आए थे, उसका नंबर भी प्रथम दृष्टया फर्जी या किसी अन्य वाहन का प्रतीत हो रहा है. इसके अलावा, जिस मोबाइल नंबर से होटल में टेबल बुकिंग की गई थी, वह वारदात के बाद से ही लगातार स्विच ऑफ आ रहा है. पुलिस ने आगरा शहर के अन्य सभी फाइव स्टार और लग्जरी होटलों को अलर्ट जारी करते हुए आरोपियों के CCTV फुटेज साझा किए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके और इन्हें जल्द दबोचा जा सके.



