मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। जोगेंद्रनगर उपमंडल के लांगणा क्षेत्र में जंगल के बीच एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
मृतक युवक की पहचान लांगणा निवासी दलेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पंजाब के कुपवाड़ा क्षेत्र में एक दुकान पर काम करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आया था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद परिवार को ऐसा सदमा झेलना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए और इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों और परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे दलेर के भाई ने शव की पहचान की। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई इस दर्दनाक घटना को लेकर चर्चा कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।