दिल्ली में चुनाव आयोग प्रमुख ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने बुधवार को भी जमकर हंगामा काटा. विरोध प्रदर्शन शुरू करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कनॉट प्लेस के मशहूर रेस्टोरेंट ‘सागर रत्न’ में कांग्रेस सांसदों और INDIA गठबंधन के नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया. लंच के बाद, विपक्षी सांसद जंतरमंतर की ओर बढ़ने लगे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका समेत कई कांग्रेस नेताओं की पुलिस के साथ जमकर धक्कामुक्की हुई. इस दौरान राहुल गांधी अपनी टीम के साथ करीब 6 घंटे तक सड़कों पर जमे रहे. जिसके बाद पुलिस ने राहुल समेत विपक्ष के नेताओं को हिरासत में लेने के बाद रिहा कर दिया.

वहीं, प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी संविधान की प्रति हाथ में लिए सड़क पर लेट गईं. जिसके बाद अन्य नेता भी सड़क पर बैठ गए. जबकि राहुल गांधी, प्रियंका को प्रोटेक्ट करते दिखे. हालांकि कुछ देर बाद ही पुलिस ने राहुल, प्रियंका समेत विपक्ष के सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया. इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस के पहिए से हवा निकाल दी. साथ ही बस के शीशे भी तोड़ दिए. इस वजह से पुलिस को दूसरी बस मंगवानी पड़ी. भारी हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत से रिहा कर दिया. इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने विपक्षी सांसदों से दिल्ली में ही रहने को कहा है. बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा.

वहीं, बुधवार को विपक्ष के नेताओं ने जिस रेस्टोरेंट में लंच किया, वह जनपथ पर है, जो निर्वाचन सदन से 1.2 किलोमीटर दूरी पर स्थित है. निर्वाचन सदन चुनाव आयोग का हेड ऑफिस है और मंगलवार को ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बड़ी भीड़ ने इसी तरफ मार्च किया था. इस दौरान करीब 8 घंटे तक विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया था.

पुलिस से भिड़े राहुल गांधी

विरोध प्रदर्शन के दौरान, दिल्ली पुलिस ने विपक्षी नेताओं को जंतरमंतर जाने से रोक दिया. इस पर राहुल गांधी व प्रियंका और अन्य नेताओं की पुलिस से तीखी बहस हुई. पुलिस ने बारबार उनसे वापस लौटने को कहा, लेकिन राहुल ने साफ इनकार कर दिया. जब पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो राहुल गांधी उनसे भिड़ गए. राहुल ने दिल्ली पुलिस के जवानों व अन्य सुरक्षा बलों को धक्का देकर पीछे धकेल दिया.

सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी

प्रदर्शन के दौरान जंतरमंतर जाने पर अड़ीं प्रियंका गांधी संविधान की एक प्रति लेकर सड़क पर लेट गईं, जिससे दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया. इसके बाद, विपक्ष के अन्य नेता भी उसी जगह पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे. जब पुलिस ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो राहुल ने उनका विरोध किया, हालांकि, कुछ ही देर बाद पुलिस ने प्रियंका और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया.

ज्ञानेश कुमार और पूरी व्यवस्था जवाबदेह

दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा: “मैं INDIA गठबंधन के उन सभी सांसदों का आभारी हूं जो हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए संसद में, सड़कों पर और आज जंतरमंतर के पास मजबूती से खड़े हैं. वे मार्च रोक सकते हैं. वे बैठक की अनुमति देने से इनकार कर सकते हैं.

I am thankful to every INDIA alliance MP standing firm in defence of our democracy – in Parliament, outside on the streets, and today near Jantar Mantar.

They can stop a march. They can refuse a meeting. But they cannot stop the will of our people.

Narendra Modi, Amit Shah, Gyanesh Kumar and the entire system will be brought to justice.

— Rahul Gandhi October 7, 2026

लेकिन वे हमारे लोगों के संकल्प को नहीं रोक सकते. नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और पूरी व्यवस्था को जवाबदेह ठहराया जाएगा.”

कांग्रेस आज देश भर में ‘काला दिवस’ मनाएगी

कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाइयों को निर्देश जारी किए हैं. प्रदर्शनों के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसदों के खिलाफ पुलिस द्वारा कथित तौर पर बल प्रयोग किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने आज यानी 8 अक्टूबर को पूरे देश में ‘काला दिवस’ मनाने का फैसला किया है. विपक्षी सांसद कल दिल्ली में भी विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. ममता बनर्जी का भी राजधानी पहुंचने का कार्यक्रम है. AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्य, ज़िला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिया है कि वे गुरुवार को अपनेअपने स्तर पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करें.

10 अक्टूबर को विपक्ष का बड़ा विरोध प्रदर्शन

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन अभी थमा नहीं है. विपक्षी दलों ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में एक और बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है. INDIA गठबंधन के कई सांसदों और नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से ‘चलो जंतरमंतर’ अभियान में शामिल होने का आह्वान किया है. 10 अक्टूबर को राजधानी में विपक्षी दलों द्वारा शक्ति प्रदर्शन की उम्मीद है, जिसमें विभिन्न राज्यों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है.