हिमाचली खबर: ग्वालियर: जिले में एक किशोरी के साथ बेरहमी से बर्बरता का मामला सामने आया है। दरअसल, पुलिस ने यहां 15 साल की नाबालिग का संदिग्ध अवस्था में जला हुआ शव बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह शव भिंड के मौ क्षेत्र से लापता हुई किशोरी का हो सकता है। बताया जा रहा है कि किशोरी की हत्या से पहले गैंगरेप किया गया। दरअसल भिंड जिले के मौ क्षेत्र से 28 मई को एक 15 वर्षीय किशोरी लापता हुई थी। किशोरी के परिजनों ने उसके लापता होने की जानकारी मौ थाना पुलिस को दी थी। इसके बाद से ही पुलिस किशोरी की पतासाजी में जुटी हुई थी। 

नाबालिग के साथ हैवानियत! हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया, गैंगरेप की भी आशंका; जांच में जुटी पुलिस​
नाबालिग के साथ हैवानियत! हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया, गैंगरेप की भी आशंका; जांच में जुटी पुलिस​

क्षतविक्षत हालत में मिला शव

ग्वालियर के सीएसपी मनीष यादव ने बताया, “सोमवार शाम ग्वालियर के गोल पहाड़िया इलाके में गुप्तेश्वर पहाड़ी पर एक नाबालिग का शव क्षतविक्षत हालत में मिला। इसकी पहचान के लिए मौके पर भिंड की मौ थाना पुलिस भी आई हुई है। मौ पुलिस का कहना था कि, उनके क्षेत्र की नाबालिग लड़की हाल ही में लापता हुई थी। इस मामले में संदेहियों की मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करने पर घटनास्थल के आसपास ही लोकेशन मिली थी। ऐसे में आशंका है कि, जो शव ग्वालियर पुलिस ने बरामद किया है, वह उसी नाबालिग का है।”

भिंड पुलिस की तलाशी में मिला शव

सीएसपी मनीष यादव के मुताबिक ये शव भिंड पुलिस को अपनी तफ्तीश के दौरान मिला है। भिंड पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रेमी रामू गुर्जर को ग्वालियर से हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने यह बात स्वीकार की है कि, वह अपने साथियों के साथ नाबालिग से संपर्क में था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की मोबाइल लोकेशन के मूवमेंट के आधार गोल पहाड़िया इलाके में सर्चिंग कर नाबालिग का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

गैंगरेप की आशंका

बताया जा रहा है कि, पुलिस ने जब आरोपी रामू और उसके दो साथियों से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने नाबालिग के घर से भागने और साथ में घर से कुछ जेवरात लेने की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस को मामले में सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका है। ऐसे में अभी शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही शव बुरी तरह जला हुआ है। ऐसे में उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है, इसलिए शव का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट हो सके। फिलहाल ग्वालियर और मौ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।