
तिरुपति। आंध्र प्रदेश में तिरुपति जिले के श्री सिटी स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (सेज) में शनिवार को एक कारखाने में बॉयलर फटने से कम से कम पाँच कर्मचारियों की मौत हो गई और 10 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। यह धमाका हेल्थकेयर फ़ॉर्मूलेशन बनाने वाली यूनिट में हुआ, जिससे दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन अन्य कर्मचारियों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में 10 से ज़्यादा कर्मचारी घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया। धमाके की असल वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका। पुलिस ने घटना की जाँच शुरू कर दी है।



