दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने हमला विपक्ष पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते दिल्ली में विरोधप्रदर्शन के नाम पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जो नाटक किया है, उससे लोग नाराज हैं. राहुल गांधी, कांग्रेस, कम्युनिस्ट और दूसरे विपक्षी दल देश में अराजकता फैलाने के लिए संविधान से मिले लोकतांत्रिक अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे सब मिलकर देश की साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. लोकतंत्र के नाम पर उनका व्यवहार बेहद शर्मनाक है. राहुल गांधी अपने पद की गरिमा भूल गए हैं और बहुत निचले स्तर पर उतर आए हैं. देश की जनता यह सब देख रही है. इससे पहले, उन्होंने लोकसभा स्पीकर के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद में जबरदस्त हंगामा किया, जिससे वे मजाक का पात्र बन गए. फिर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. अब वे गैरजिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल और RSS प्रमुख उनके निशाने पर हैं.

‘विपक्ष का मकसद मोदी सरकार गिराना’

उन्होंने कहा कि उनका मकसद मोदी सरकार को गिराना है. एक विपक्षी पार्टी के तौर पर सरकार को सत्ता से हटाने की कोशिश करने में कुछ भी गलत नहीं है, लेकिन इस मकसद को पाने के लिए सभी नैतिक मूल्यों को ताक पर रख देना और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश करना निंदनीय है. अब कांग्रेस यह मांग कर रही है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश भी पद छोड़ दें क्योंकि अदालती फैसले उनके पक्ष में नहीं आए हैं. यह उस पार्टी की मानसिकता को दिखाता है जिसने 60 साल तक देश पर शासन किया. क्या जब भी कांग्रेस चुनाव हारे, तो चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए? क्या चुनाव आयुक्त और भारत के मुख्य न्यायाधीश का काम कांग्रेस की चुनावी जीत सुनिश्चित करना है?

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि आप चुनाव इसलिए हार रहे हैं क्योंकि आपको जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है. इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है? आप भारत के मुख्य न्यायाधीश को इसलिए धमकाते हैं क्योंकि उन्होंने आपके पक्ष में आदेश नहीं दिया. आप उन पर सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से दबाव बनाने की कोशिश करते हैं. देश के इतिहास में पहली बार ऐसा दबाव बनाने के लिए हजारों लोग मार्च कर रहे हैं. आप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इसलिए धमकाते हैं क्योंकि आप चुनाव हार रहे हैं. क्या यह देश सोनिया गांधी के परिवार की निजी संपत्ति है, क्या यह परिवार की कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है?

देश कांग्रेस की राजशाही की तरह नहीं चलेगा केंद्रीय मंत्री रेड्डी

उन्होंने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोगों को यह तय करने का अधिकार है कि वे किसे वोट दें. अगर लोग कांग्रेस को वोट नहीं देते हैं, तो इसके लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना गलत है. यह देश कांग्रेस की राजशाही की तरह नहीं चलेगा. यहां की संस्थाएं डॉ. बीआर अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान के तहत काम करती हैं और चुनाव भी उसी संविधान के अनुसार कराए जाते हैं. देश की संस्थाएं राहुल गांधी या विदेशी ताकतों की इच्छा के अनुसार काम नहीं करेंगी.