Kota Accident News: राजस्थान में कोटा के पास दिल्लीमुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां भोपाल से श्रद्धालुओं और यात्रियों को लेकर खाटूश्याम जा रही एक मिनी बस अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट की ऊंचाई से एक्सप्रेसवे से नीचे नाले में जा गिरी. इस भयानक हादसे में 5 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और राहतबचाव टीम ने क्रेन की मदद से बस को निकालकर घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुँचाया, जहाx उनका इलाज जारी है.

हादसा शनिवार सुबहसुबह दिल्लीमुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ. जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक दुर्घटना कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में सुबह करीब 6:30 बजे घटी. मिनी बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे जो भोपाल से खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नाले में जा गिरी.

15 फीट गहराई, कीचड़ और पानी के बीच क्रेन से चलाया गया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई और बचाव कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी. बस करीब 15 फीट की ऊंचाई से नाले में गिरी थी. नाले में पानी और गहरा कीचड़ होने के कारण फंसे यात्रियों को निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थानीय पुलिस और राहत कर्मियों ने भारी क्रेन बुलवाकर नाले में फंसी बस को खींचकर बाहर निकाला और यात्रियों को बाहर निकाला.

5 महिलाओं समेत 8 की मौत, 23 घायलों का MBS अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है. इस दुखद हादसे में 5 महिलाओं समेत 8 लोगों की जान चली गई है. पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचित करने और शिनाख्त में जुटी है. हादसे में घायल हुए 23 लोगों को कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है.