दिसंबर के शुरुआत से पहले ही ठंड बढ़ने लगी है. ठंड का मौसम शुरू होते ही स्मार्टफोन यूजर्स को एक अलग ही तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है. ठंड के दिनों में घर के अंदर फोन की बैटरी ज्यादा समय तक चलती है, लेकिन जैसे ही घर से बाहर निकलते हैं, बैटरी तेजी से गिरने लगती है. कई बार तो फोन में बैटरी कुछ परसेंट बची होती है, लेकिन उसके बाद भी फोन अचानक बंद हो जाता है. खासकर पहाड़ी इलाकों में घूमने या ज्यादा देर तक ठंड में रहने के दौरान यह समस्या यूजर्स को होती है. अगर आप भी ठंड में फोन की बैटरी जल्दी खत्म होने से परेशान हैं, तो चिंता करने की बात नहीं है. आप कुछ आसान सी बातों का ध्यान रखकर फोन के जल्दी चार्जिंग खत्म होने की परेशानी को दूर कर सकते हैं.

ठंड में क्यों जल्दी खत्म होती है फोन की बैटरी?
आजकल आने वाले ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है. ठंड में तापमान कम होने पर लिथियम आयन बैटरी में तापमान कम होने पर बैटरी के अंदर होने वाली केमिकल रिएक्शन धीमी पड़ जाती है. इस कारण से बैटरी की क्षमता प्रभावित होती है और फोन को जरूरत के अनुसार पावर नहीं मिल पाती है. ऐसे में कैमरा चलाने, मैप देखने या स्क्रीन की ब्राइटनेस बढ़ाने पर फोन अचानक बंद हो सकता है.
कई बार फोन को फिर से गर्म जगह पर लाने के बाद वह ऑन हो जाता है. लेकिन ठंडे फोन को तुरंत चार्ज करना भी सही नहीं है. इससे बैटरी की सेहत पर असर पड़ने का खतरा रहता है.
सर्दियों में फोन की बैटरी बचाने के 7 तरीके
1. जैकेट की अंदर वाली जेब में रखें फोन
ठंड का असर फोन पर भी पड़ता है, सबसे ज्यादा बैटरी पर. ठंड के दिनों में फोन को ज्यादा देर तक खुले में नहीं रखना चाहिए. इसे जैकेट की अंदर वाली जेब में रखना चाहिए. शरीर की गर्मी से फोन का टेंपरेटर नार्मल रहता है. बाइक या स्कूटर चलाते समय हैंडल पर फोन लगाने के बाद काम पूरा होते ही उसे जेब में रख लेना चाहिए.
2. बाहर निकलने से पहले बैटरी सेवर ऑन करें
अगर आपको काफी समय तक बाहर रहते हैं तो ऐसे में घर से निकलते ही फोन में बैटरी सेवर मोड ऑन कर दें. इससे बैकग्राउंड में चलने वाली एक्टिविटी कम हो जाती हैं और बैटरी का इस्तेमाल कम होता है. स्क्रीन की ब्राइटनेस और स्क्रीन टाइमआउट भी कम रख सकते हैं.
3. पहले ही डाउनलोड कर लें मैप और टिकट
ठंड के मौसम में कहीं घूमने या पहाड़ी इलाके में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले से ही ऑफलाइन मैप डाउनलोड कर लें. ट्रेन और बस के टिकट भी फोन में सेव रखें. इससे यह फायदा होगा कि आपको बारबार इंटरनेट ऑन करने की जरूरत नहीं होगी और इससे बैटरी की बचत होगी .
4. कैमरा और स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें
लगातार , वीडियो रिकॉर्ड करना और फुल ब्राइटनेस पर स्क्रीन चलाना बैटरी का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है. इसलिए जरूरत के हिसाब से ही कैमरे का इस्तेमाल करें और काम पूरा होने पर स्क्रीन को फिर से लॉक कर दें.
5. घर से निकलने से पहले फोन चार्ज करें
अगर आप पूरे दिन बाहर रहने वाले हैं तो फोन को पहले ही चार्ज रखें. खासकर पुराने फोन की बैटरी ठंड में ज्यादा परेशानी दे सकती है.
6. ठंडे फोन को तुरंत चार्ज न करें
अगर फोन बहुत ठंडा हो गया है तो उसे कमरे के नार्मल टेंपरेचर पर आने दें. इसके बाद ही चार्जिंग ऑन करें. फोन को गर्म करने के लिए हीटर या गर्म हवा का इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
7. साथ रखें चार्ज पावर बैंक
लंबी यात्रा या पहाड़ी इलाके में जाने के समय एक चार्ज पावर बैंक साथ रखना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इससे जरूरत पड़ने पर फोन चार्ज किया जा सकता है.



