Jaunpur Crime News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट से एक मुकदमे में जमानत न दिला पाने से नाराज क्लाइंट्स ने साजिश रचकर वकील और उनके साथी को बुलाकर बंधक बना लिया. उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और चाकू की नोक पर लाखों रुपये की रंगदारी मांगी गई.

हद तो तब हो गई जब पीड़ित वकील को छुड़ाने लाखों रुपये लेकर पहुंचे प्रयागराज के दो सीनियर अधिवक्ताओं को भी आरोपियों ने बंधक बना लिया. पुलिस की तत्परता से सभी वकीलों को सकुशल मुक्त कराया गया है. जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरसंड निवासी अजय मिश्रा प्रयागराज जिला एवं सत्र न्यायालय में वकालत करते हैं. अजय मिश्रा जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हैदरेपुर गांव निवासी कुछ आरोपियों का मुकदमा देख रहे थे.
एक आपराधिक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत दिलाने के लिए क्लाइंट्स ने उन्हें 1.5 लाख रुपये फीस दी थी. एडवोकेट ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की, लेकिन याचिका खारिज हो गई और आरोपियों को बेल नहीं मिल सकी.
6 अक्टूबर की शाम चाकू की नोक पर किडनैपिंग और रंगदारी
बेल खारिज होने पर आरोपियों ने साजिश रची और बातचीत के बहाने वकील को फोन करके जौनपुर बुलाया. 6 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पीड़ित अजय मिश्रा अपने साथी के साथ प्रयागराज से जौनपुर पहुंचे. मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के पुरऊपुर नगर पुलिया के पास दो कारों में सवार आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे थे. आरोपियों ने चाकू की नोक पर वकील और उनके साथी को कार में जबरन अगवा कर लिया. किसी गुप्त स्थान पर ले जाकर उनके साथ जमकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. उन्हें देर रात डेढ़ बजे तक बंधक बनाकर रखा गया.
छुड़ाने आए सीनियर अधिवक्ताओं से 1 लाख छीने, उन्हें भी बनाया बंधक
गंभीर मारपीट के बाद जब आरोपियों ने पैसों के लिए दबाव बनाया, तो पीड़ित अधिवक्ता ने प्रयागराज में अपने सीनियर वकीलों को फोन कर पूरी बात बताई. मामला सुलझाने और साथी को छुड़ाने के लिए प्रयागराज से दो वरिष्ठ अधिवक्ता 1 लाख नकद लेकर जौनपुर पहुंचे. आरोप है कि दबंगों ने उनसे 1 लाख रुपये छीन लिए और उन्हें भी बंधक बना लिया. इसके बाद सभी चार लोगों को छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जाने लगी.
वकीलों की होशियारी से पहुंची पुलिस, सकुशल रेस्क्यू
बंधक बने वकीलों ने बेहद सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने प्रयागराज से और पैसे मंगवाने के बहाने फोन इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी और गुपचुप तरीके से पुलिस को पूरे मामले की सूचना दे दी. सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस की टीम ने लोकेशन ट्रैक कर तुरंत छापेमारी की और आरोपियों के चंगुल से चारों अधिवक्ताओं को सकुशल मुक्त करा लिया.
जौनपुर पुलिस का बयान: आरोपी फरार, हिस्ट्रीशीटरों का नेटवर्क
मामले में मुंगराबादशाहपुर के प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर कमल मिश्रा, राजेश तिवारी, राहुल यादव, शशि चौबे समेत 10 नामजद और 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है. घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से कई हिस्ट्रीशीटर और अंतर्राज्यीय अपराधी हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.



