अगर आप भी नया स्मार्टफोन खरीदने का सोच रहे हैं, तो आपको बड़ा झटका लग सकता है. नया स्मार्टफोन खरीदने के लिए अब आपको ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. Samsung और Xiaomi ने भारत में अपने कई स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर दी है. दोनों कंपनियों ने 41 स्मार्टफोन वेरिएंट के दाम में 1,000 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की है. दोनों कंपनियों के स्मार्टफोन पर बढ़ी हुई कीमतें सोमवार से ही लागू हो गई हैं. कुछ मॉडल की कीमतों में लगभग 19 फीसदी तक कीमत बढ़ गई है. खास बात यह है कि इस बार कीमतों में ऐसे समय पर बढ़ोत्तरी हुई है, जब मार्केट में पहले से ही स्मार्टफोन की मांग कम हो गई है.

Oppo, Vivo और Realme भी बढ़ा सकते हैं कीमतें
स्मार्टफोन मार्केट में नए फोन की कीमतें बढ़ने का सिलसिला अभी खत्म होने वाला नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार Oppo, Vivo और रियलमी जैसी कंपनियां भी आने वाले समय में अपने फोन की कीमतें बढ़ा सकती हैं. अगर ऐसा हुआ तो, भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में एक साथ कई ब्रांड के फोन की कीमतें बढ़ जाएंगी.
स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोत्तरी के पीछे इस समय की सबसे बड़ी चुनौती है, बढ़ती लागत. मेमोरी चिप और दूसरे जरूरी कंपोनेंट की कमी और महंगी कीमतों के कारण कीमतों में तेजी आई है. इसके साथ ही ग्लोबल सप्लाई चेन प्रभावित होने से भी दबाव बढ़ा है. ऐसे में कंपनियों के लिए पुरानी कीमतों पर फोन बेचना मुश्किल हो रहा है. जिसका असर अब सीधे कस्टमर्स पर देखने को मिल रहा है.
Samsung के इन स्मार्टफोन की बढ़ी कीमत
Samsung ने अपने चुनिंदा स्मार्टफोन की कीमतों में 3.13 फीसदी से लेकर 9.52 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी कर दी है. जैसे Galaxy A07 5G के 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत अब 22,999 रुपये हो गई है. पहले यही कीमत 20,999 रुपये थी.
इसके साथ ही Galaxy F17 5G और Galaxy A17 5G की कीमतों में भी 2,000 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है. वहीं, Galaxy A57 के कुछ वेरिएंट अब 4,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं. कंपनी ने Galaxy A36, A37 और A56 जैसे मॉडल की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी की है.
Xiaomi के फोन 18.75 फीसदी तक महंगे
Xiaomi ने के मुकाबले ज्यादा थोड़ा ज्यादा बढ़ोत्तरी की है. कंपनी ने अपने 19 स्मार्टफोन वेरिएंट की कीमतें 4.26 फीसदी से लेकर 18.75 फीसदी तक बढ़ा दी हैं. इससे इनके औसत कीमत में करीब 10 फीसदी का इजाफा हुआ है.
Redmi A7 Pro 5G के 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत अब 18,999 रुपये हो गई है. इससे पहले इसे 15,999 रुपये में खरीदा जा सकता था. यानी इसकी कीमत सीधे 3,000 रुपये बढ़ गई है. वहीं, Redmi Note 17 5G सीरीज के फोन 3,000 रुपये तक महंगे हुए हैं. Redmi Note 17 Pro 5G के चुनिंदा वेरिएंट की कीमतों में भी 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
बजट फोन खरीदने वालों पर पड़ेगा ज्यादा असर
स्मार्टफोन की बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर 20,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन खरीदने वाले कस्टमर्स पर पड़ सकता है. इस सेगमेंट में कस्टमर बजट देखकर फोन सेलेक्ट करते हैं और 1,000 से 2,000 रुपये का अंतर भी उनके फैसले को बदल सकता है.



