भारतीय बाजार में टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कार सेल करने वाली कंपनी में से एक है. वहीं बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी के सामने अब एक बड़ी चुनौती आ गई है. दरअसल, कंपनी जितनी इलेक्ट्रिक गाड़ियां बना और सप्लाई कर पा रही है, ग्राहकों को मांग उससे कहीं ज्यादा है. फिलहाल टाटा मोटर्स कुल डिमांड का केवल 60 से 65 फीसदी हिस्सा ही पूरा कर पा रही है. इसे देखते हुए कंपनी ने ईवी की सप्लाई बढ़ाने का फैसला किया है.

टाटा मोटर्स अगले 2 से 3 महीनों में हर महीने करीब 20,000 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की सप्लाई करने का टारगेट लेकर चल रही है. अभी कंपनी हर महीने लगभग 16,000 ईवी की सप्लाई कर रही है. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर शैलेश चंद्रा ने Q2 FY27 की अर्निंग कॉल में बताया कि मार्चअप्रैल के दौरान यह संख्या करीब 9,000 यूनिट थी. इसके बाद सप्लाई बढ़ाकर 16,000 यूनिट तक पहुंचाई गई है. अब इसे जल्द ही 20,000 के करीब ले जाने की तैयारी है.
90 फीसदी बढ़ी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री
कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है. Q2 FY27 में ने 47,000 से ज्यादा ईवी बेचीं. पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले यह करीब 90 फीसदी की बढ़ोतरी है. ज्यादा मांग को देखते हुए कंपनी के प्लांट पूरी कैपेसिटी से काम कर रहे हैं. इसके बावजूद डीलरशिप पर जाकर इलेक्ट्रिक कारों का स्टॉक औसतन सिर्फ 10 दिन का बचा है.
कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में पेट्रोलडीजल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों का उत्पादन जरूरत के मुताबिक बदला जा सकता है. हालांकि, ज्यादा गाड़ियां बनाने के लिए पार्ट्स की सप्लाई करने वाली कंपनियों को भी अपना प्रोडक्शन बढ़ाना होगा.
EV और CNG गाड़ियों की ओर बढ़ रहा रुझान
Tata Motors के मुताबिक, सितंबर तिमाही में उसकी कुल बिक्री में EV और CNG जैसी वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों की हिस्सेदारी 50 फीसदी से ऊपर पहुंच गई. पूरे पैसेंजर व्हीकल बाजार की बात करें तो Q2 FY27 में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी करीब 8 फीसदी और CNG गाड़ियों की हिस्सेदारी लगभग 25 फीसदी रही. दूसरी तरफ पेट्रोल कारों की हिस्सेदारी घट रही है, जबकि डीजल गाड़ियों की हिस्सेदारी करीब 17 फीसदी पर स्थिर बनी हुई है.
कंपनी को उम्मीद है कि पूरे वित्त वर्ष में पैसेंजर व्हीकल बाजार 12 से 13 फीसदी की दर से बढ़ेगा. हालांकि, दूसरी छमाही में पिछले साल की मजबूत बिक्री के कारण यह रफ्तार करीब 5 फीसदी रह सकती है. तिमाही के दौरान Tata Punch कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. वहीं, कंपनी की पैसेंजर कारों की कुल रिटेल बिक्री में ग्रामीण बाजार का योगदान 44 से 45 फीसदी रहा.
बढ़ सकती हैं Tata की कारों की कीमतें
कच्चे माल की महंगाई ने कंपनी के मुनाफे पर दबाव बढ़ाया है. Tata Motors अब तक कीमतों में बढ़ोतरी और खर्च घटाने के तरीकों से बढ़ी लागत का करीब 40 फीसदी ही संभाल पाई है. बाकी खर्च कंपनी खुद उठा रही है. तीसरी और चौथी तिमाही में भी यह दबाव बने रहने की आशंका है. ऐसे में कंपनी Q4 FY27 में गाड़ियों की कीमतें फिर बढ़ा सकती है. इस बार बढ़ोतरी पहले के मुकाबले कुछ ज्यादा हो सकती है.
JLR ने घटाया मुनाफे का अनुमान
Tata Motors की सहयोगी कंपनी JLR ने भी वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने का अनुमान 4 फीसदी से घटाकर 2 से 3 फीसदी कर दिया है। कंपनी को करीब 1.25 अरब पाउंड के फ्री कैश आउटफ्लो की उम्मीद है. चीन में कमजोर मांग और चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल इसकी प्रमुख वजह हैं.
इसके बावजूद JLR नए इलेक्ट्रिक मॉडल पर काम कर रही है. कंपनी ने Range Rover Electric और Range Rover Sport Electric का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है. इनकी डिलीवरी अगले साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है. खास बात यह है कि ग्राहकों को इन गाड़ियों को देखने या टेस्ट ड्राइव करने का मौका मिलने से पहले ही इनके लिए करीब 5,000 ऑर्डर मिल चुके हैं.



