Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने पति से विवाद होने के बाद कुएं में छलांग लगा दी. मामला जिले के दिनारा थाना इलाके के सहरिया गांव का है. जानकारी के अनुसार, सहरिया गांव में बुधवार को दोपहर में एक दंपत्ति के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद महिला ने स्कूल के पास बने कुएं में छलांग लगा दी. पति उसके पीछे दौड़ा और कुएं में रस्सी डाली.

पत्नी ने रस्सी पकड़ ली, लेकिन एक शर्त रख दी. उसने कहा कि जब तक पति सबके सामने उससे हाथ जोड़कर मांफ नहीं मांगेगा और आगे से परेशान न करने का वादा नहीं करेगा, तब तक वो कुएं से बाहर नहीं आएगी. महिला के कुएं में कूदने की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही दिनारा थाने से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. आधे घंटे तक ये ड्रामा चला.

गांव वालों ने महिला के पति पर लगाया ये आरोप

गांव वालों ने महिला के पति को फटकार लगाई, जिसके बाद उसने पत्नी से हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगी. इसके बाद महिला सुरक्षित बाहर आई. गांव वालों ने आरोप लगाया कि महिला का पति जब भी बाहर जाता था, तो बाहर से दरावाजे पर ताला लगाकर जाता था. हालांकि, गांव वालों द्वारा महिला के पति पर लगाए गए इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है.

मामले में पुलिस ने क्या बताया?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पतिपत्नी के इस पूरे विवाद के मामले में दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाहा ने बताया कि सहरिया गांव के एक महिला के कुएं में कूदने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस बल को मौके पर रवाना कर दिया गया था. फिलहाल इस मामले में महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है. अगर कोई शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच और फिर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.