हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. लाहौलस्पीति के सिस्सू में जहां बर्फबारी हो रही है, वहीं कांगड़ा के बैजनाथ में सुबहसुबह ही भारी बारिश से मौसम ठंडा हो गया है. अक्टूबर महीने में ही प्रदेश में दिसंबर जैसी ठंड हो गई है और इस बार हिमाचल में सर्दी ने समय से पहले ही दस्तक दी है.

सुबह से मौसम खराब बना हुआ था. ऐसे में मौसम ने करवट ली और अनुमान के अनुसार बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया. लाहौल घाटी के सिस्सू में सीजन का पहला हिमपात शुरू हो गया है.सिस्सू के स्थानीय निवासी लक्की ने बताया कि सुबह से बर्फबारी हो रही है. अच्छी संख्या में पर्यटक भी लाहौलस्पीति आ रहे हैं. बर्फबारी की वजह से काफी ठंड बढ़ गई है.

लेहमनाली हाईवे बंद

लाहौलस्पीति जिला आपदा प्रबंधन ने बताया कि बर्फबारी के चलते लेहमनाली नेशनल हाईवे दारचा से आगे बंद कर दिया गया है. दारचा से शिंकुला के लिए भी बर्फबारी की वजह से हाईवे बंद कर दिया गया है. मनालीकाजा रोड भी बर्फबारी की वजह से बंद है. हालांकि, उदयपुर के लिए रास्ता खुला हुआ है.

हिमाचल प्रदेश में आज के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने सुबह लाहौलस्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के 10 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया है. सिरमौर, हमीरपुर, मंडी, शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में गुरुवार को भारी बारिश के साथ आंधीतूफान भी चलने का अनुमान है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

चंबा, लाहौलस्पीति और सोलन में हल्की बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट है. 17 अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा और फिर 18 से 20 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग का कहना है कि इस बार दशहरे से दिवाली के बीच मॉनसून की तरह बारिश देखने को मिलेगी. यानी प्रदेश में इस बार सर्दियों के दौरान खूब ठंड पड़ने वाली है और बर्फबारी भी होगी. इससे पहले, आज लाहौलस्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री दर्ज किया गया.

लगातार बर्फबारी के चलते शिंकुला, बारालाचा ला और कुंजुम पास पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है.

लाहौल एवं स्पीति के शिंकुला टॉप, बारालाचा ला टॉप, कुंजुम टॉप सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों तथा पर्यटकों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन तीनों दर्रों की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही एहतियातन बंद कर दी गई है.

वर्तमान में कोकसर एवं जिस्पा क्षेत्र में भी लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे सड़क मार्गों पर फिसलन बढ़ने तथा वाहनों की आवाजाही में जोखिम उत्पन्न होने की आशंका है.

लाहौलस्पीति पुलिस के माध्यम से सभी पर्यटकों एवं आम जनता से अपील की जाती है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पहले सड़क एवं मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें.

सभी से अनुरोध है कि पुलिस प्रशासन द्वारा समयसमय पर जारी यातायात एवं मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें.