यूट्यूब से पैसे कमाना अब मुश्किल होने वाला है. कंपनी 1 फरवरी 2027 से कमाई के नियमों को काफी सख्त कर रही है. नए यूट्यूबर्स को चैनल मोनेटाइज कराने के लिए अब पहले से कहीं ज्यादा पसीना बहाना होगा.

YouTube New Rules: अब आसानी से नहीं होगी यूट्यूब से कमाई, कंपनी ने पॉलिसी में किया बड़ा बदलाव

5 मुख्य बातें

  • पुराने क्रिएटर्स की कमाई पर इन नए नियमों का कोई असर नहीं होगा.
  • अब केवल व्यूज से नहीं, ओरिजिनल कंटेंट से ही आपकी अच्छी कमाई होगी.
  • कम व्यूज वालों को भी ब्रांड डील्स जैसे कमाई के कई नए मौके मिलेंगे.
  • नए नियमों में वॉच टाइम और शॉर्ट्स व्यूज का नया टारगेट आखिर क्या है?
  • अगर शॉर्ट्स पर अचानक व्यूज आने कम हो गए, तो फिर कमाई का क्या होगा?

YouTube New Rules: यूट्यूब आज के समय में सिर्फ वीडियो देखने का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि लाखों लोगों के लिए यह कमाई का एक बड़ा और अहम साधन बन चुका है. कई युवा अपना करियर बतौर कंटेंट क्रिएटर शुरू कर रहे हैं. लेकिन अगर आप भी यूट्यूब चैनल बनाकर पैसे कमाने का सपना देख रहे हैं, तो अब आपको अपनी मेहनत दोगुनी करनी पड़ेगी. वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने अपने पार्टनर प्रोग्राम (YPP) की नीतियों में बड़े बदलाव का ऐलान कर दिया है. इन नए नियमों के लागू होने के बाद प्लेटफॉर्म से कमाई की शुरुआत करना नए क्रिएटर्स के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है. कंपनी के मुताबिक, मोनेटाइजेशन की यह नई और सख्त पॉलिसी 1 फरवरी 2027 से पूरी तरह लागू हो जाएगी.

दोगुनी हुई मोनेटाइजेशन की शर्तें

यूट्यूब से कमाई शुरू करने के लिए चैनल का मोनेटाइज होना सबसे पहला और जरूरी कदम होता है. अब तक नए क्रिएटर्स को अपने चैनल पर विज्ञापनों और यूट्यूब प्रीमियम से कमाई शुरू करने के लिए एक साल के भीतर 4,000 घंटे का वॉच टाइम (Watch Hours) पूरा करना होता था. लेकिन नई पॉलिसी के तहत इस क्राइटेरिया को सीधा दोगुना कर दिया गया है. 1 फरवरी 2027 के बाद से नए चैनल्स को कमाई की दहलीज पार करने के लिए 8,000 वॉच ऑवर्स का आंकड़ा छूना होगा. वहीं, शॉर्ट वीडियो बनाने वालों के लिए भी लक्ष्य बढ़ा दिया गया है. पहले जहां 90 दिनों में 1 करोड़ शॉर्ट्स व्यूज की दरकार होती थी, अब उसे बढ़ाकर 2 करोड़ व्यूज कर दिया गया है.

मौजूदा क्रिएटर्स को डरने की जरूरत नहीं

इस बड़े बदलाव की खबर से उन क्रिएटर्स के मन में सवाल उठने लाजमी हैं जो पहले से यूट्यूब से पैसा कमा रहे हैं. हालांकि, कंपनी ने स्थिति बिल्कुल साफ कर दी है. इस नए नियम का प्रभाव उन यूट्यूबर्स पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा जो वर्तमान में यूट्यूब पार्टनर प्रोग्राम का हिस्सा हैं. यह नई नीति केवल उन लोगों के लिए लाई गई है, जो भविष्य में इस प्रोग्राम से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं. यानी जो लोग पहले से सिस्टम में हैं, उनकी कमाई बिना किसी रुकावट के बदस्तूर जारी रहेगी.

शॉर्ट्स क्रिएटर्स के लिए कड़े नियम

शॉर्ट वीडियो के जरिए कमाई करने वालों के लिए कंपनी ने एक नई शर्त भी जोड़ दी है. नए नियमों के अनुसार, अगर आप शॉर्ट्स से विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन का रेवेन्यू शेयरिंग जारी रखना चाहते हैं, तो आपको हर 90 दिन में यह साबित करना होगा कि आपके चैनल पर 1 करोड़ व्यूज आ रहे हैं. यदि कोई क्रिएटर इस लक्ष्य से चूक जाता है, तो उसे पार्टनर प्रोग्राम से बाहर तो नहीं निकाला जाएगा, लेकिन उसकी कमाई तब तक के लिए रोक दी जाएगी, जब तक वह दोबारा 1 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार नहीं कर लेता. हालांकि, कम व्यूज वालों को राहत देते हुए कंपनी ने यूट्यूब शॉपिंग बोनस, ब्रांड डील्स और नए ट्रेंड शुरू करने वालों के लिए कमाई के कुछ नए विकल्प भी पेश किए हैं.

सिर्फ व्यूज से नहीं बनेगी बात

डिजिटल दुनिया में कमाई के नियम अब काफी तेजी से बदल रहे हैं. केवल यूट्यूब ही नहीं, बल्कि एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक जैसे दिग्गज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स भी अपनी क्रिएटर इकोनॉमी में बदलाव ला रहे हैं. हाल ही में एक्स ने अपने पेआउट सिस्टम में ओरिजिनल कंटेंट को ज्यादा तवज्जो देना शुरू किया है, जबकि फेसबुक ने भी क्रिएटर्स के लिए अपना नया मोनेटाइजेशन प्रोग्राम लॉन्च कर दिया है. इन तमाम बदलावों का सीधा सा मतलब है कि अब सिर्फ व्यूज के सहारे टिके रहना संभव नहीं होगा. आने वाले समय में नए क्रिएटर्स को दर्शकों के साथ मजबूत जुड़ाव और पूरी तरह से ओरिजिनल कंटेंट पर फोकस करना होगा, तभी वे इस बदलती डिजिटल दुनिया में टिक पाएंगे.