Parvinder Singh Jhota Murder: पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार ने झोटा पर बेहद करीब से तीन गोलियां चलाईं. घटना में झोटा के चार साथी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. वारदात के बाद मानसा में तनाव का माहौल है. परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है.

परविंदर सिंह झोटा और मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार के बीच कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर बहस हुई थी. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अश्वनी ने झोटा पर तीन गोलियां चला दीं. गोली लगने से झोटा की मौत हो गई, जबकि उनके चार साथी घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि झोटा के साथी उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपी हाथ में हथियार लेकर उनके पीछे आता दिखाई दिया. कुछ समय बाद वह मेडिकल स्टोर बंद करके फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार
झोटा की हत्या की खबर फैलते ही उनके समर्थक और परिजन मानसा के सिविल अस्पताल में जुटने लगे. घटना के विरोध में शहर बंद का ऐलान किया गया. खबर के मुताबिक, स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई.
परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला लिया है. पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा. इस बीच, पुलिस फरार मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक
घटना के बाद पंजाब सरकार भी सक्रिय हो गई है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और उपायुक्तों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है. बैठक में राज्य की कानूनव्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की जानी है.
कौन थे परविंदर सिंह झोटा?
परविंदर सिंह झोटा मानसा के रहने वाले थे और कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे. वह नशे के खिलाफ अभियान चलाने के कारण चर्चा में आए थे. सोशल मीडिया पर उनकी कई वीडियो वायरल हुई थीं. वह मानसा और आसपास के इलाकों में मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने का आरोप लगाते हुए अभियान चलाते थे. हालांकि, झोटा का नाम कई विवादों में भी आया था. उनके खिलाफ हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी.
2023 में भी मेडिकल स्टोर संचालक से हुआ था विवाद
रिपोर्टों के मुताबिक, 12 जुलाई 2023 को झोटा और उनके समर्थकों का अश्वनी कुमार के साथ विवाद हुआ था. आरोप था कि झोटा और उनके साथियों ने अश्वनी को जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद पुलिस ने झोटा और उनके कुछ साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था.
झोटा की नशे के खिलाफ मुहिम और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर उस समय भी बहस हुई थी. अब उनकी हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है.



