हिमाचली खबर: ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये घटना उस वक्त हुई, जब युवक एक शादी समारोह से लौटकर आ रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक, युवक का घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर पुराना विवाद था। 

ग्रेटर नोएडा: शादी समारोह से वापस लौटते समय युवक की हत्या, घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर था पुराना विवाद​
ग्रेटर नोएडा: शादी समारोह से वापस लौटते समय युवक की हत्या, घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर था पुराना विवाद​

देर रात पहले से घात लगाए बदमाश ने युवक को रास्ते में रोककर गोली मारी और फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव की है।

पुलिस ने क्या बताया?

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया, “थाना सूरजपुर के साकीपुर गांव में बीती रात लगभग 12.30 बजे साजन भाटी अपने दोस्त की शादी के बाद अपने घर लौट रहे थे। लौटते ही उनके पड़ोसी टिल्लू भाटी उर्फ मंगेश के द्वारा अन्य के साथ फायरिंग की गई। गोली साजन भाटी को लगी। साजन के परिजन तत्काल उसे कैलाश हॉस्पिटल ले गए। यहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया। हमें ज्ञात हुआ कि दोनों पक्षों के बीच कूड़े को लेकर कहासुनी हुई थी। इस घटना को लेकर अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीम काम कर रही थीं। एक गाड़ी रोकी गई, जिसमें मौजूद शख्स ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जब बैक फायरिंग की तो वह बदमाश के दोनों पैरों में लगी। मौके पर बदमाश को काबू में लिया गया। उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद हो गया। एक अन्य मौके से फरार है। पुलिस अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।”

बता दें कि इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जरा से विवाद ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया। स्थानीय इलाके में इस घटना से तनाव पसर गया है और लोग इस मामले की चर्चा कर रहे हैं।