हिमाचली खबर: Lucknow Kanpur Expressway: उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहरों लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए अहम अपडेट सामने आया है. लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन फिलहाल टाल दिया गया है. पहले इसे 29 अप्रैल को शुरू किए जाने की योजना थी, लेकिन निर्माण कार्य और अंतिम फिनिशिंग अधूरी रहने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने उद्घाटन स्थगित करने का निर्णय लिया है.

आखिर क्यों टल गया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन? अब 15 मई तक दिया गया ये टारगेट​
आखिर क्यों टल गया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन? अब 15 मई तक दिया गया ये टारगेट​

पहले कार्यक्रम यह तय था कि नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे के साथ इस परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे. हालांकि, लखनऊ क्षेत्र में आने वाले हिस्से में अभी कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी कार्य बाकी हैं. खास तौर पर खांडेदेव और शिवपुरा टोल प्लाजा के आसपास काम तेजी से जारी है. इसके अलावा, रोड लाइटिंग, सुरक्षा बैरियर और अन्य जरूरी सुविधाओं की अंतिम फिनिशिंग भी अभी पूरी नहीं हो सकी है.

क्यों टला उद्घाटन?

अधिकारियों का कहना है कि किसी भी सूरत में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा. जब तक पूरी परियोजना को लेकर कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी नहीं हो जाता, तब तक एक्सप्रेसवे को जनता के लिए खोलना संभव नहीं है. यही वजह है कि उद्घाटन की तारीख को आगे बढ़ाया गया है.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, बचा हुआ निर्माण कार्य 15 मई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा. यदि सब कुछ तय समयसीमा के भीतर पूरा हो जाता है, तो मई के दूसरे पखवाड़े में किसी भी दिन इसका उद्घाटन किया जा सकता है.

3100 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

करीब 64 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 3100 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. परियोजना का सबसे बड़ा हिस्सा उन्नाव जिले में आता है, जहां लगभग 45.3 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया है, जबकि लखनऊ क्षेत्र में करीब 18.7 किलोमीटर हिस्सा शामिल है. इस परियोजना को दो चरणों में विकसित किया गया है. दूसरे चरण , जो उन्नाव के आजाद नगर से लखनऊ सीमा तक फैला है, फरवरी में ही पूरा हो चुका है और उसे कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र भी मिल चुका है. अब फोकस पहले चरण के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने पर है.

इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा. ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और यात्रा समय भी काफी घट जाएगा. रोजाना काम, पढ़ाई या व्यापार के सिलसिले में सफर करने वाले लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही ईंधन की बचत होगी और यात्रा पहले की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक बनेगी. फिलहाल, यात्रियों को इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के उद्घाटन के लिए कुछ और दिन इंतजार करना होगा.