जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल में केसी त्यागी को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. मंगलवार को उन्हें RLD संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. जयंत ने शाम 5 बजे अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की. RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी के इस फैसले को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

वहीं, इस नियुक्ति के साथ ही, केसी त्यागी ने RLD में नंबरदो का स्थान हासिल कर लिया है. ऐसे में जयंत के बाद पार्टी में केसी त्यागी का बोलबाला रहेगा. माना जा रहा है कि आने वाले यूपी विधानसभा चुनावों में भी केसी त्यागी अहम रोल में दिखेंगे. इसके अलावा, RLD के नए गठित संसदीय बोर्ड में कुल 15 सदस्य और 4 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं, जिनमें चेयरमैन केसी त्यागी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी हैं.

गठबंधन की राजनीति का लंबा अनुभव

पूर्व सांसद KC त्यागी ने जूडीयू छोड़ने के कुछ समय बाद ही RLD जॉइन की थी. RLD की सूची में उन्हें ‘मीसा बंदी और पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश’ के तौर पर बताया गया है. बताया जा रहा है कि केसी त्यागी के पास राष्ट्रीय राजनीति, खासकर गठबंधन की राजनीति का लंबा अनुभव है. जयंत चौधरी इस अनुभव का इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का विस्तार करने के लिए करना चाहते हैं.

पश्चिमी UP में राजनीतिक समीकरण

केसी त्यागी के इस रोल से वेस्ट यूपी में रालोद और मजबूत होगी. केसी त्यागी का अपने समाज और कृषिआधारित राजनीति में काफी प्रभाव है. RLD पश्चिमी UP में अपनी पकड़ मज़बूत करने की तैयारी में है. रालोद की नई संसदीय बोर्ड के जरिए जयंत चौधरी ने न केवल UP बल्कि हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के नेताओं को भी शामिल किया है. जयंत चौधरी समेत कई प्रमुख हस्तियां समिति की ‘सदस्य’ बनीं.

प्रमुख सदस्य और उनकी भूमिकाएं

जयंत चौधरी राष्ट्रीय अध्यक्ष

मेजर जनरल बिशंबर दयाल हरियाणा से प्रतिनिधि

मालूक नागर पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश

राजकुमार सांगवान सांसद और सदन के नेता, लोकसभा

राजपाल बालियान विधायक और सदन के नेता, UP विधानसभा

योगेश चौधरी MLC और सदन के नेता

सुभाष गर्ग विधायक, राजस्थान

अब्दुर सगीर खान पूर्व विधायक, राजस्थान

नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद दिया था इस्तीफा

बता दें कि जनता दल के सीनियर नेता के.सी. त्यागी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद पार्टी से अपने संबंध तोड़ लिए थे. त्यागी ने उत्तर प्रदेश में सक्रिय राजनीति में आने की इच्छा जताई थी और इसके बाद 22 मार्च, 2026 को जयंत चौधरी की पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हो गए थे.