Featured Image

पंजाब के लुधियाना में बुधवार को मोबाइल फोन छीनने के शक में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। मामला जिले के कैलाश नगर इलाके में का है, जहां भीड़ द्वारा शख्स के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक को एक खंभे से बांध दिया गया था। उसके सीने पर एक कागज चिपकाया गया था, जिस पर लिखा था, “मैं चोर हूं”। इतना ही नहीं, भीड़ ने उसका सिर और एक भौंह भी मुंडवा दी। लुधियाना पुलिस ने युवक के साथ मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ गलत तरीके से बंधक बनाने, चोट पहुंचाने, जानबूझकर अपमानित करने और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया है।

लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

यह एफआईआर बस्ती जोधेवाल पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित युवक की पहचान नहीं हो पाई है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भी पहचान की जा रही है।

एएसआई के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि यह घटना बुधवार की है। युवक पर मोबाइल फोन छीनने का शक था, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक के हाथ और कमर को रस्सी से बांधकर खंभे से बांधते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान युवक लगातार दया की गुहार लगाता नजर आता है, लेकिन भीड़ उसके सिर पर वार करती रहती है। उसका सिर बीच से मुंडवा दिया गया था और उसकी शर्ट भी उतार दी गई थी।

शख्स की पिटाई करते दिखे लोग

वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए सुनाई देते हैं कि युवक पहले भी चोरी करते पकड़ा जा चुका है, लेकिन उसने अपनी आदत नहीं बदली। वहीं कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करते नजर आते हैं। जबकि कुछ लोग उसे लात मारते हुए कहते हैं, “अब चोरी करेगा?”

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, गलत तरीके से बंधक बनाना, गुप्त रूप से कैद रखना, शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना, आपराधिक धमकी देना और गैरकानूनी जमावड़ा जैसी धाराएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जांच जारी है।