हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में कथित अपहरण प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई है। उपमंडल बड़सर के ढटवाल क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर को जबरन स्कूटी पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की गई। हालांकि बच्चे की सूझबूझ और एक महिला की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बिहडू निवासी ललित कुमार का 15 वर्षीय बेटा पीयूष बुधवार शाम करीब 6:20 बजे दवाई लेने के लिए बिहडू बाजार गया था। बाजार से घर लौटते समय सुनसान रास्ते में स्कूटी सवार दो युवक उसके पास पहुंचे।
पीयूष के मुताबिक दोनों युवकों ने अचानक उसे पकड़ लिया और जबरन स्कूटी पर बैठाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान घबराए किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया।
इसी बीच पीछे से आ रही एक स्थानीय महिला की नजर घटना पर पड़ गई। महिला ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आरोपी घबरा गए और बच्चे को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद डरा-सहमा पीयूष घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक काली स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक बिझड़ी बाजार की ओर जाते दिखाई दिए। जब पीयूष को फुटेज दिखाई गई तो उसने दोनों युवकों की पहचान उन्हीं आरोपियों के रूप में की, जिन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की थी।
हालांकि CCTV फुटेज में स्कूटी का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है, जिसके चलते आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को मुश्किल हो रही है। बावजूद इसके पुलिस टीम संदिग्धों की पहचान और स्कूटी नंबर ट्रेस करने में जुटी हुई है।
बिझड़ी पुलिस चौकी के ASI मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।