भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मोर्चे से एक बेहद शानदार खबर सामने आई है. देश की दिग्गज सरकारी पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अफ्रीका महाद्वीप के लीबिया में तेल और गैस का एक नया भंडार खोज निकाला है. ऊर्जा जरूरतों के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर रहने वाले हमारे देश के लिए यह एक ऐतिहासिक कामयाबी है. जब भारतीय सरकारी कंपनियां विदेशों में खुद के तेल कुएं तलाशने और विकसित करने में सफल होती हैं, तो इससे भविष्य में कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों के झटकों से निपटने में देश को एक बड़ा रक्षा कवच मिलता है.

रेगिस्तान में मिला ‘काला सोना’
ऑयल इंडिया ने यह खोज दक्षिणपश्चिमी लीबिया के गदामेस बेसिन में की है. ऊर्जा जगत में यह इलाका हाइड्रोकार्बन की अपार संभावनाओं के लिए जाना जाता है. कंपनी ने यहां के ऑनशोर एक्सप्लोरेशन ब्लॉक में यह सफलता हासिल की है. इस विदेशी प्रोजेक्ट में ऑयल इंडिया अकेली नहीं है, बल्कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर बनाए गए एक भारतीय कंसोर्टियम के तहत ऑयल इंडिया इस ब्लॉक में 25 फीसदी की हिस्सेदारी रखती है. लगभग 6,630 वर्ग किलोमीटर के इस विशाल क्षेत्र का संचालन SIPEX नाम की कंपनी कर रही है.
छठे कुएं ने खोली किस्मत
इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत कुल 8 खोजी कुओं की खुदाई का लक्ष्य तय किया गया था. ऑयल इंडिया की इस नई सफलता से पहले, इलाके में पांच कुओं की खुदाई पूरी की जा चुकी थी. बेहतरीन बात यह रही कि इनमें से चार कुओं में साल 2012 से 2014 के बीच ही तेल और गैस के भंडार मिल गए थे. अब जब इस ब्लॉक में खोजी गतिविधियां एक बार फिर से जोरशोर से शुरू हुईं, तो छठे कुएं की ड्रिलिंग की गई. इसी कुएं ने गैस और तेल के एक नए भंडार का रास्ता खोल दिया है.
शुरुआती परीक्षणों में कामयाबी मिलने के बाद, लीबिया की नेशनल ऑयल कॉर्पोरेशन ने आधिकारिक तौर पर इसे इस ब्लॉक की पांचवीं सबसे बड़ी खोज घोषित कर दिया है. यह ऐलान साबित करता है कि इस क्षेत्र में हाइड्रोकार्बन का कितना बड़ा खजाना मौजूद है.
ऑयल इंडिया का शेयर में तेजी
इस शानदार खबर का असर घरेलू शेयर बाजार में भी देखने को मिला. ऑयल इंडिया का शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर हल्की मजबूती के साथ बंद हुआ. कारोबार के अंत में कंपनी का शेयर 2.50 रुपये की बढ़त के साथ 476.20 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. पिछले पांच कारोबारी दिनों के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो इस शेयर में 1.05 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.



