सराज (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों का माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन के बीच मंडी जिले की सराज घाटी से एक दिलचस्प चुनावी तस्वीर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पति-पत्नी अलग-अलग पदों के लिए चुनावी मैदान में उतर गए हैं। इस अनोखी जोड़ी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।

जानकारी के अनुसार सराज क्षेत्र की केओली पंचायत में पूर्व उप-प्रधान खजान सिंह और उनकी पत्नी विपना ठाकुर चुनाव लड़ रहे हैं। खजान सिंह ने उप-प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है, जबकि उनकी पत्नी विपना ठाकुर प्रधान पद के लिए मैदान में उतरी हैं।

बताया जा रहा है कि खजान सिंह इससे पहले दो बार उप-प्रधान रह चुके हैं। पहले उन्होंने लम्बाथाच पंचायत में और बाद में केओली पंचायत में उप-प्रधान का कार्यभार संभाला था। अब वह तीसरी बार उप-प्रधान बनने की कोशिश में चुनावी मैदान में हैं। वहीं उनकी पत्नी ने पहली बार प्रधान पद के लिए दावेदारी पेश की है।

दोनों पति-पत्नी इन दिनों लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों से समर्थन मांग रहे हैं। पंचायत में इस चुनावी जोड़ी को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोग भी इसे पंचायत चुनाव का सबसे दिलचस्प मुकाबला मान रहे हैं।

एआरओ से मिली जानकारी के अनुसार केओली पंचायत में प्रधान पद के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि उप-प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं पांच वार्ड सदस्यों के लिए 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

गांव के लोगों का कहना है कि पंचायत चुनाव में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है जब एक ही परिवार के दो सदस्य अलग-अलग पदों के लिए सक्रिय रूप से चुनाव लड़ रहे हों। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद अब पंचायत में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत चुनावों में इस तरह के मुकाबले लोगों का ध्यान तेजी से आकर्षित करते हैं और चुनाव को और अधिक रोचक बना देते हैं। सोशल मीडिया से लेकर गांव की बैठकों तक अब इसी पति-पत्नी की जोड़ी की चर्चा सुनने को मिल रही है।