
बलरामपुर ; छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि शादीशुदा महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने पुराने प्रेमी को मिलने के लिए जंगल में बुलाया और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव के कई टुकड़े किए गए और पहचान छिपाने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर गड्ढे में दफना दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को गिरफ्तार किया है. घटना पस्ता थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान कोदौरा गांव निवासी वसीम अंसारी (35) के रूप में हुई है.
2 अक्टूबर को घर से निकला था वसीम
पुलिस के मुताबिक, वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से घर से निकला था. देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली, लेकिन वसीम का कोई पता नहीं चला.
इसके बाद 3 अक्टूबर को वसीम के भाई अमीम अंसारी ने डौरा चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वसीम की तलाश में संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई.
जंगल में मिला कटा हुआ सिर
जांच के दौरान पुलिस को चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में कटा हुआ सिर दफन होने की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सिर को बाहर निकलवाया. इसके बाद वसीम के भाई को बुलाकर पहचान कराई गई. भाई ने सिर की पहचान वसीम के रूप में की.
हालांकि, उस समय शव का धड़ वहां नहीं मिला था. पुलिस ने इसके बाद आसपास के इलाके में तलाशी शुरू की. जांच आगे बढ़ने पर सिर से करीब 200 मीटर दूर एक अन्य गड्ढे में वसीम का धड़ भी बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, शव को इस तरह अलग-अलग स्थानों पर दफनाने का मकसद पहचान और सबूत मिटाना बताया जा रहा है.
अफेयर खत्म करना चाहती थी महिला
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मनबासो का शादी से पहले वसीम के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क को लेकर महिला और उसके पति सोनू के बीच अक्सर विवाद होता था.
पुलिस का दावा है कि मनबासो इस संबंध को खत्म करना चाहती थी, जबकि वसीम कथित तौर पर रिश्ता जारी रखना चाहता था. इसी विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने वसीम की हत्या की साजिश रची.
फोन कर जंगल के पास बुलाया
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन कर वसीम को जंगल के पास मिलने के लिए बुलाया. वसीम वहां पहुंचा तो कथित तौर पर मनबासो और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए सिर और धड़ को अलग कर दिया. पुलिस के अनुसार, सिर को झाड़ियों के पास एक गड्ढे में दफन किया गया, जबकि धड़ को करीब 200 मीटर दूर दूसरे गड्ढे में छिपाया गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अब मामले में हत्या की पूरी साजिश, घटना में इस्तेमाल हथियार और शव को ठिकाने लगाने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.



