शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच शिमला जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुन्नी क्षेत्र में प्रधान पद की महिला प्रत्याशी पर कुछ नकाबपोश लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार टिक्कर गांव निवासी 48 वर्षीय सुषमा देवी पंचायत चुनाव में प्रधान और BDC दोनों पदों के लिए चुनाव लड़ रही थीं। हालांकि बाद में उन्होंने BDC पद से नामांकन वापस ले लिया था। शुक्रवार दोपहर वह प्रधान पद का नामांकन वापस लेने पंचायत घर जा रही थीं।
महिला प्रत्याशी के मुताबिक जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर दुर्गापुर मार्ग पर पानी के टैंक के पास पहुंचीं, तभी झाड़ियों में छिपे दो नकाबपोश अचानक बाहर निकल आए। दोनों ने अपने चेहरे गमछों से ढक रखे थे और पैरों में नीले रंग के प्लास्टिक के जूते पहने हुए थे।
सुषमा देवी ने आरोप लगाया कि दोनों लोगों ने पहले उनका रास्ता रोका और फिर गर्दन व कंधों से पकड़कर धक्का दिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन सुनसान इलाका होने के कारण उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी।
मारपीट के दौरान महिला बेहोश होकर सड़क किनारे गिर गईं। उनका कहना है कि हमलावरों का मकसद लूटपाट नहीं था, बल्कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया से दूर रखना था। काफी देर बाद गांव के ही एक व्यक्ति का फोन आने पर उन्हें होश आया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए मशोबरा अस्पताल ले जाया गया। वहीं पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।