सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के दीपम विवाद पर बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने निर्देश दिया है कि कल ‘दीपाथून’ पर ‘कार्तिगई दीपम’ प्रज्वलित किया जाए. सुप्रीम कोर्ट ने अपने द्वारा नियुक्त रिसीवरों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि दीप जलाए जाएं. सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के फैसले पर लगी अपनी अंतरिम रोक हटाई.

सुप्रीम कोर्ट ने अपने द्वारा नियुक्त रिसीवरों को निर्देश दिया है कि वे सुरक्षा संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सभी भक्तों को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति दें. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि ‘दीपाथून’ और अन्य जगहों पर दीप दरगाह से चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाए जाने चाहिए.

CRPF को मिली जिम्मेदारी

कोर्ट ने CRPF को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है. सीआरपीएफ से कहा गया है कि वे दरगाह की सुरक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि वहां आने वाले भक्तों को न तो कोई बाधा आए और न ही उन्हें प्रार्थना करने से रोका जाए. सुप्रीम कोर्ट ने श्रद्धालुओं को भी निर्देश दिया है कि वे दरगाह से 50 मीटर दूरी बनाकर रखेंगे.

सुप्रीम कोर्ट ने सभी भक्तों को दरगाह के चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी से दीपक जलाने की अनुमति दी. SC ने इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्व जजों को मंदिर रिसीवर के रूप में नियुक्त किया. सेवानिवृत्त जज वैद्यनाथन और पार्थिबन को मंदिर ट्रस्ट का रिसीवर नियुक्त किया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ को भी निलंबित कर दिया है.

सुप्रीम कोर्ट ने CRPF को मंदिर और दरगाह की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. पूरी पहाड़ी की सुरक्षा CRPF को सौंपी गई है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि तमिलनाडु पुलिस उसके आदेशों को लागू करने में विफल रहा है.

तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद मामला

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर के अपने आदेश के बाद हुई घटनाओं पर नाराजगी भी जताई. अवमानना ​​याचिकाओं पर अपना आदेश सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो जाएगी. कोर्ट ने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में कानून का शासन सर्वोपरि है.

अदालत ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना उन सिद्धांतों को दर्शाती है, जिनके तहत भारत के लोगों ने अपने सभी नागरिकों के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है.

कोर्ट ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 144 यह अनिवार्य करता है कि भारत के क्षेत्र में सभी नागरिक और न्यायिक प्राधिकरण, सुप्रीम कोर्ट की सहायता के लिए कार्य करेंगे. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस अदालत का आदेश बातचीत करने का कोई न्योता नहीं है. यह राज्य सरकार, उसके अधिकारियों और राज्य के कानून के तहत काम करने वाली हर वैधानिक या धार्मिक संस्था पर तब तक लागू रहेगा, जब तक कि खुद यह अदालत इसमें कोई बदलाव न कर दे.

कोर्ट ने जताई नाराजगी

कोर्ट ने कहा कि न्याय की प्रक्रिया को दूषित करने की किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई कोई भी कोशिश, चाहे वह कितना भी ऊंचे पद पर क्यों न हो, बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यही वह संदेश है जो हम इस आदेश के जरिए देना चाहते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने प्रथम दृष्टया यह माना है कि तिरुपरनकुंद्रम मामले में आदेश का खुलेआम उल्लंघन हुआ है.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि तमिलनाडु राज्य में कम से कम मदुरै जिले में प्रथम दृष्टया प्रशासनिक अराजकता की स्थिति है. तमिलनाडु के मुख्य सचिव को विस्तृत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि तिरुपरनकुंद्रम मामले में मदुरै के जिला कलेक्टर, मंदिर के कार्यकारी अधिकारी और अन्य अधिकारियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया अवमानना का मामला बनता है.

अवमानना नोटिस जारी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि कार्यकारी अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया है सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को एक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है, जिसमें अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, टेलीफोन कॉल और संदेशों का पूरा विवरण हो. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इसकी जांच न केवल अदालत की गरिमा बचाने के लिए, बल्कि न्याय प्रशासन की शुचिता बनाए रखने के लिए भी जरूरी है.

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे दीपाथून में दीप प्रज्वलित करने के संबंध में 20 नवंबर को दिए गए आदेश का पालन न किए जाने के मामले में अदालत के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों. सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, DGP, HR&CE सचिव और आयुक्त, मदुरै जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, मंदिर प्रशासन और अन्य लोगों को अवमानना ​​नोटिस जारी किया.

हलफनामा दाखिल करने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि अवमानना ​​नोटिस सभी संबंधित व्यक्तियों को तीन दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से तामील कराए जाएं. साथ ही ऐसा होने की पुष्टि करते हुए एक व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करें.

सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य सचिव और डीजीपी सहित सभी संबंधित व्यक्तियों से जवाब मांगा है कि 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने के लिए उनके खिलाफ अवमानना ​​की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए?