Karanataka News: कर्नाटक के उडुपी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा नदी के पुल से आत्महत्या के इरादे से कूदी एक महिला को पुलिस और स्थानीय निवासियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया. महिला के नदी में कूदते ही उस पर एक मगरमच्छ ने हमला कर दिया था, जिसके बाद वह दर्द से चीखने लगी. चीखपुकार सुनकर पास के लॉज कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला.

पुलिस के अनुसार, महिला निजी समस्याओं और मानसिक तनाव के कारण काफी परेशान थी. बुधवार रात उसने कुक्के सुब्रह्मण्य स्थित कुमारधारा नदी के पुल से छलांग लगा दी. पानी में कूदते ही नदी में मौजूद एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे काट लिया. मगरमच्छ के हमले से घायल महिला जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाते हुए जोरजोर से चीखने लगी.
लॉज कर्मचारियों की सतर्कता और पुलिस का तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन
महिला के रोने और चीखने की आवाज सुनकर पास स्थित एक लॉज के कर्मचारियों ने तुरंत सुब्रह्मण्य पुलिस स्टेशन को अलर्ट किया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. मगरमच्छ के हमले में महिला को मामूली चोटें आई हैं. रेस्क्यू के तुरंत बाद पुलिस उसे स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया.
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा, मामला दर्ज नहीं
प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस ने महिला के परिवार वालों से संपर्क किया. उचित काउंसलिंग देने के बाद महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. परिवार के सदस्यों के अनुरोध पर पुलिस ने महिला की पहचान उजागर नहीं की है. पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.



