बिहार के मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य इंतजाम किए गए हैं. शादी समारोह में आने वाले मेहमानों के स्वागत से लेकर उनके खानेपीने और मनोरंजन तक की खास व्यवस्था की गई है. खास बात यह है कि मेहमानों की अलगअलग श्रेणियों को ध्यान में रखते हुए चार तरह के पंडाल तैयार किए गए हैं. वहीं, मेहमानों के लिए 150 तरह के पकवान और व्यंजनों की व्यवस्था की गई है.

शादी समारोह में आने वाले हर मेहमान के लिए अलग इंतजाम किया गया है. इसके लिए चार तरह के पंडाल बनाए गए हैं. इनमें बारात पक्ष, VIP मेहमानों, स्थानीय ग्रामीणों और सामान्य लोगों के लिए अलगअलग व्यवस्था की गई है. हर पंडाल में मेहमानों के लिए कई तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे. आयोजकों की कोशिश है कि मेहमानों की संख्या चाहे जितनी भी हो, किसी को खानेपीने या बैठने में परेशानी न हो.
पंडालों को भव्य रूप देने के लिए जयपुर के मशहूर पत्रकार चौक की तर्ज पर सजावट कराई गई है. मुख्य समारोह के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया गया है. इसका उद्देश्य यह है कि दूर बैठे मेहमान भी जयमाला की रस्म को आसानी से देख सकें. इसके अलावा जगहजगह बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा. VIP मेहमानों के लिए बने पंडाल के आगे पुलिसबलों की भारी तैनाती की गई है.
150 तरह के पकवान, 200 हलवाई संभाल रहे रसोई
शादी में मेहमानों के खानपान का भी खास ख्याल रखा गया है. जानकारी के मुताबिक, समारोह में करीब 150 तरह के पकवान और व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं. इसके लिए लगभग 200 हलवाई और बावर्ची लगाए गए हैं. इनमें कई कारीगर लखनऊ, कोलकाता और राजस्थान से बुलाए गए हैं. हलवाई पिछले एक सप्ताह से मिठाइयां और अन्य पकवान तैयार करने में जुटे हैं.
VIP मेहमानों के लिए अलग भोजन की व्यवस्था की गई है. इसमें उनकी पसंद के मुताबिक नॉनवेज व्यंजन भी उपलब्ध कराने की तैयारी है. वहीं, शादी में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री ट्रकों के जरिए लगातार पहुंच रही है. मेहमानों के पहुंचने तक रसोई में तैयारियां जारी रहेंगी.
दो हेलीपैड भी बनाए गए
VIP मेहमानों के आगमन के लिए दो हेलीपैड बनाए गए हैं. एक हेलीपैड का निर्माण पूरा होने के बाद दूसरे पर भी काम जारी रहा. हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों की लैंडिंग शुरू हो चुकी है. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर भी यहां उतर चुका है. वहीं, उत्तर प्रदेश के बीजेपी नेता दीपक जी का हेलीकॉप्टर भी पहुंचा है.
शाम को पहुंच सकते हैं बॉलीवुड के सितारे
शादी में शामिल होने के लिए देश के अलगअलग हिस्सों से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. हेलीकॉप्टर से आने वाले कुछ VIP मेहमान शाम तक पहुंचकर समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट जाएंगे. वहीं, कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के भी शाम को पहुंचने की संभावना है. बताया जा रहा है कि ये सितारे शादी समारोह में शामिल होने के बाद अगली सुबह रवाना होंगे.
रिपोर्ट रविशंकर



