झांसी में नग्न होकर प्रदर्शन कर रहे 5 किन्नर गिरफ्तार, सड़क पर हंगामा कर ट्रैफिक रोका, लोगों से मारपीट की

यूपी के झांसी में नग्न और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए पुलिस और पब्लिक से हाथापाई करने वाले 5 किन्नरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पांचों किन्नर पुलिस पर अपने समाज के दूसरे किन्नर के गुट के लोगों पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का दवाब बना रहे थे. जब पुलिस ने नहीं माना तो उन्होंने इस तरह का प्रदर्शन किया. इतना ही नहीं इससे पहले भी एक किन्नर ने थाने में फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास करते हुए पुलिस पर दवाब बनाया था. पुलिस ने पकड़े गए सभी किन्नरों को न्यायालय भेज दिया है.

मामला झांसी जनपद के नवाबाद थाना क्षेत्र का है. जहां प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाला अंशिका उर्फ अभिषेक किन्नर अपने साथी पूजा किन्नर, नयनपारा किन्नर, रश्यिन किन्नर और अंशिका की मां ममता पुलिस लाइन गेट के सामने यातायात बैरियर लगाकर आवागमन रोक दिया था. इसके बाद अर्धनग्न और नग्न होकर सड़क पर हंगामा करने लगे, आने-जाने वाले राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई करने लगे. इतना ही नहीं वो गाड़ियों के बोनट पर चढ़ गए और हंगामा किया.

जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने पुलिस के साथ भी अभद्रता करते हए मारपीट की. पुलिस ने लगभग एक घंटे बाद किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण किया और हंगामा करने वाले पांचों किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार हंगामा करने वाला किन्नर अंशिका उर्फ अभिषेक किन्नर समाज की प्रमुख बब्ली किन्नर के साथ दो साल पहले काम करता था, लेकिन वह क्षेत्र में जाकर लोगों से अधिक रुपए बधाई में मांगने लगा था, जिसकी शिकायत मिलने पर उन्होंने अंशिका को अलग कर दिया. इसके बाद अंशिका ने अपना गुट बना लिया, तभी से इन दोनों के बीच झगड़ा चला आ रहा है. अंशिका किन्नर बब्ली किन्नर पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस मान नहीं रही थी. इसी कारण उन्होंने इस तरह हंगामा किया. पुलिस ने पांचों किन्नरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि बब्ली मौसी और अंशिका गुट के किन्नरों के बीच लंबे समय से आपस में तनाव की स्थिति बनी हुई है. कई बार इन्हें समझाया जा चुका है, लेकिन ये नहीं मान रहे थे.