Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में गुरुवार दोपहर एक किराए के मकान से युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. कमरे से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

किराए के कमरे में मिले दोनों के शव
घटना बुराड़ी थाना क्षेत्र के कमालपुर की गली नंबर13 की है. गुरुवार दोपहर सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे. कमरे के अंदर 26 वर्षीय निखिल और 22 वर्षीय शुभांगी के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले. घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
एक महीने से किराए पर रह रहे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, निखिल और शुभांगी पिछले करीब एक महीने से इस मकान में किराए पर रह रहे थे. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब आठ महीनों से एकदूसरे के संपर्क में थे. पुलिस उनके रिश्ते और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
बहन के पहुंचने पर हुआ घटना का खुलासा
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब निखिल की बहन उससे मिलने मकान पर पहुंची. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अंदर जाकर देखा तो दोनों खून से लथपथ पड़े थे. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिवार को भेजे गए मैसेज की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि घटना से पहले निखिल ने अपने परिवार को एक संदेश भेजा था, जिसमें उसने कोई बड़ा कदम उठाने का संकेत दिया था. पुलिस उस मैसेज की सत्यता, उसकी परिस्थितियों और मोबाइल फोन के अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. बरामद पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था. फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले के रूप में जांच आगे बढ़ा रही है.



