Facebook कुछ यूजर्स के लिए ऐप खोलते ही फुल-स्क्रीन वीडियो दिखाने की तैयारी कर रहा है. पुराना Feed अलग टैब में रहेगा. Marketplace सेलर्स के लिए AI टूल्स वाला नया Seller ऐप भी टेस्ट होगा.

Facebook खोलते ही सबसे पहले Feed पर नजर डालने की आदत आने वाले समय में बदल सकती है. Meta अपने प्लेटफॉर्म पर एक नए वीडियो-फर्स्ट एक्सपीरियंस की टेस्टिंग की तैयारी कर रहा है. इसके तहत कुछ चुनिंदा यूजर्स को ऐप ओपन करते ही सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो दिखाई दे सकता है. हालांकि ये बदलाव अभी सभी यूजर्स के लिए लागू नहीं होगा.
Meta के मुताबिकस, टेस्ट इस साल के आखिर में शुरू किया जाएगा और शुरुआती चरण में लीमिटेड नंबर में यूजर्स को इसमें शामिल किया जाएगा. कंपनी का मानना है कि Facebook पर लोग अब ज्यादा विजुअल और इमर्सिव कंटेंट देखना पसंद कर रहे हैं. वीडियों की भूमिका भी प्लेटफॉर्म पर लगातार बढ़ रही है. यहां वीडियों के जरिए लोग सिर्फ कंटेंट नहीं देख रहे, बल्कि बातचीत कर रहे हैं, कम्युनिटीज से जुड़ रहे हैं और प्रोडक्ट्स की खरीदारी भी कर रहे हैं.
ऐप खुलते ही शुरू हो सकता है फुल-स्क्रीन वीडियो
Facebook प्रमुख Tom Allison के मुताबिक, Meta उन यूजर्स के लिए नया एक्सपीरियंस तैयार कर रहा है जो प्लेटफॉर्म पर ज्यादा वीडियो देखना चाहते हैं. नए टेस्ट में शामिल यूजर्स के लिए ऐप लॉन्च होते ही फुल-स्क्रीन वीडियो सामने आ सकता है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Facebook का मौजूदा Feed पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा. Classic Feed अपनी जगह मौजूद रहेगा और इसे एक अलग सेकेंड टैब के रूप में एक्सेस किया जा सकेगा. यानी टेस्ट का हिस्सा बनने वाले यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से वीडियो एक्सपीरियंस और पुराने Feed के बीच स्विच कर सकेंगे. इस बदलाव से साफ है कि Meta Facebook पर वीडियो को पहले से ज्यादा अहमियत देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
मार्केटप्लेस के 10 साल पूरे होने पर भी बदलाव
Facebook का यह प्रयोग ऐसे समय में सामने आया है, जब कंपनी के Marketplace को शुरू हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं. Tom Allison के अनुसार, Marketplace का आइडिया उस व्यवहार से निकला था, जब कंपनी ने देखा कि लोग Facebook Groups के जरिए पहले से ही सामान खरीदने और बेचने का काम कर रहे थे. अब Marketplace को और उपयोगी बनाने के लिए Meta सेलर्स के लिए एक अलग ऐप भी टेस्ट कर रहा है.
Sellers के लिए तैयार हो रहा नया ऐप
नए Seller ऐप को खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है जो Marketplace पर नियमित रूप से सामान बेचते हैं. इसका मकसद बिक्री से जुड़े अलग-अलग कामों को एक ही जगह मैनेज करने की सुविधा देना है.ऐप में AI की मदद से प्रोडक्ट लिस्टिंग तैयार करने का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा Unified Inbox, Inventory Management और बिक्री से जुड़ी Performance Insights जैसे टूल्स भी दिए जा सकते हैं.
Seller ऐप Facebook के साथ कनेक्टेड रहेगा. इसका मतलब यह है कि विक्रेता Marketplace के खरीदारों और अपनी कम्युनिटीज तक पहुंच बनाए रख सकेंगे. Meta का फोकस खास तौर पर उन सेलर्स की प्रक्रिया आसान करने पर है जो बड़ी संख्या में प्रोडक्ट लिस्ट करते हैं.इस तरह Facebook पर एक तरफ वीडियो देखने का अनुभव बदलने की तैयारी है, तो दूसरी तरफ Marketplace के जरिए सामान बेचने वालों के लिए भी नए टूल्स जोड़े जा रहे हैं.

