Jharkhand Crime News: झारखंड के सरायकेलाखरसावां से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक निवस्त्र संधिग्ध व्यक्ति शरीर पर ग्रीस लगाकर और चेहरे पर नीला कपड़ा बांधकर एक मकान में घुस गया. व्यक्ति ने मकान के कमरे से मोबाइल उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कमरे में सो रही महिला की नींद खुल गई, जिसके बाद उसने चोर मचाया. इस पर संदिग्ध छत के रास्ते फरार हो गया.

ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. ये घटना सरायकेलाखरसावां जिले के आदित्यपुर की बताई जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में कथित ‘मंकी चोर’ की चर्चाएं तेज हो गई हैं. घटना मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घटी. जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर के माझी टोला स्थित संजय नगर में मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक किराए के मकान में संदिग्ध व्यक्ति घुस गया.

घटना के समय कमरे में अकेली सो रही थी महिला

मकान में रह रही महिला के अनुसार, संदिग्ध के शरीर पर ग्रीस लगा हुआ था. उसके चेहरे पर नीले रंग का कपड़ा बंधा था और वह बिना कपड़ों के कमरे में दाखिल हुआ था. महिला ने नवरात्रि का व्रत रखा हुआ है और घटना के समय कमरे में अकेली सो रही थी. उसका पति और बच्चा घर के बाहर चौकी पर सोए हुए थे. इसी दौरान संदिग्ध छत के रास्ते कमरे में घुसा और दरवाजा भिड़ाकर मोबाइल उठाने लगा.

इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी

अचानक महिला की नींद खुली तो उसने कमरे में एक अनजान व्यक्ति को देखा. महिला के शोर मचाने पर संदिग्ध छत के रास्ते फरार हो गया. बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. संदिग्ध की पहचान और उसके मकसद का पता लगाना जांच का विषय है. मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और कार्रवाई की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है.