सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग रजाई, कंबल और रूम हीटर का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन आजकल इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट भी काफी पसंद किए जा रहे हैं. खासकर उन जगहों पर जहां ठंड ज्यादा पड़ती है और घर में हीटिंग की सुविधा नहीं होती. इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट की खासियत यह है कि इसे बिजली से गर्म किया जा सकता है. इसके अंदर हीटिंग वायर लगे होते हैं, जो प्लग लगाने पर गर्म होने लगते हैं. हालांकि, हर इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट एक जैसा नहीं होता. कुछ मॉडल बिस्तर पर बिछाने के लिए बनाए जाते हैं, जबकि कुछ ओढ़ने के लिए भी आते हैं.

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, कई लोग ठंड से राहत पाने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं. लेकिन थोड़ी सी लापरवाही से करंट लगने, त्वचा जलने या आग लगने का खतरा हो सकता है.इसलिए इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट इस्तेमाल करते समय इन बातों का जरूर ध्यान रखें.

पुराने या खराब इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट का इस्तेमाल न करें

अगर आपका काफी पुराना हो चुका है, उसके तार बाहर निकल रहे हैं या तापमान कंट्रोल करने वाला स्विच ठीक से काम नहीं कर रहा, तो उसे इस्तेमाल करना बंद कर दें. खराब वायरिंग से शॉर्ट सर्किट और आग लगने का खतरा बढ़ सकता है.

ब्लैंकेट को मोड़कर इस्तेमाल न करें

कई लोग इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट को मोड़कर या एक जगह इकट्ठा करके इस्तेमाल करते हैं. ऐसा करने से अंदर लगे हीटिंग वायर दब सकते हैं. इससे किसी हिस्से में जरूरत से ज्यादा गर्मी पैदा हो सकती है. इसलिए इसे हमेशा कंपनी के निर्देशों के मुताबिक फैलाकर इस्तेमाल करें.

रातभर चालू छोड़ने की गलती न करें

कुछ लोग सोते समय इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट को पूरी रात ऑन रखते हैं. अगर उसमें टाइमर या ऑटोमैटिक शटडाउन जैसे सेफ्टी फीचर्स नहीं हैं, तो ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. बेहतर होगा कि सोने से पहले बिस्तर गर्म कर लें और फिर ब्लैंकेट बंद कर दें. रातभर इस्तेमाल केवल तभी करें, जब कंपनी ने इसकी अनुमति दी हो.

दूसरे हीटिंग डिवाइस के साथ इस्तेमाल करने से बचें

इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट के साथ हॉट वॉटर बॉटल या इस्तेमाल करने की गलती न करें. इससे एक ही जगह ज्यादा गर्मी जमा हो सकती है. लगातार तेज गर्मी से ब्लैंकेट की वायरिंग खराब होने और त्वचा जलने का खतरा बढ़ सकता है.

ब्लैंकेट पर भारी सामान न रखें

इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट पर भारी किताबें, मोटे कंबल या दूसरी भारी चीजें रखने से बचें. इससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और ब्लैंकेट का कोई हिस्सा जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकता है. इसलिए इस्तेमाल के दौरान उसके ऊपर अनावश्यक सामान न रखें.

गीले ब्लैंकेट को कभी प्लग में न लगाएं

अगर इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट पर पानी गिर गया है या उसमें नमी आ गई है, तो उसे चालू न करें. बिजली और पानी का संपर्क करंट लगने या शॉर्ट सर्किट की वजह बन सकता है. ब्लैंकेट गीला होने पर प्लग निकाल दें और दोबारा इस्तेमाल करने से पहले कंपनी के निर्देशों का पालन करें.

बच्चों और बुजुर्गों को अकेले इस्तेमाल न करने दें

छोटे बच्चों, बुजुर्गों और ऐसे लोगों के लिए इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट का इस्तेमाल ज्यादा सावधानी से करना चाहिए, जिन्हें गर्मी का सही अंदाजा नहीं हो पाता. अगर ब्लैंकेट जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाए, तो वे समय पर उसे बंद नहीं कर पाएंगे. इसलिए बिना निगरानी के इसका इस्तेमाल न करने दें.

इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट खरीदते समय भी रखें ध्यान

इलेक्ट्रिक ब्लैंकेट खरीदते समय अच्छी क्वालिटी और जरूरी सेफ्टी फीचर्स वाला मॉडल चुनें. इसमें तापमान कंट्रोल, ओवरहीटिंग प्रोटेक्शन और ऑटोऑफ जैसे फीचर्स होना फायदेमंद है.