हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भीषण गर्मी के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुधवार शाम एक घर में एसी ऑन करते ही जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय कमरे में पूरा परिवार मौजूद था और अचानक उठीं आग की लपटों ने सभी को दहला दिया।

घटना ऊना शहर के वार्ड नंबर-2 में स्थित डॉ. अनिल ठाकुर के घर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक जैसे ही परिवार ने गर्मी से राहत पाने के लिए एसी चालू किया, उसी पल तेज धमाके के साथ उसमें ब्लास्ट हो गया। देखते ही देखते कमरे में धुआं भर गया और आग फैलने लगी।

धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। घर के अंदर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी आवाज सुनते ही मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में हालात इतने बिगड़ गए कि कमरे में रखा सामान जलने लगा।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को पूरे घर में फैलने से रोक लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार बुरी तरह सहम गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। कमरे में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू वस्तुएं जलकर राख हो गईं।

घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ASP ऊना संजीव भाटिया के अनुसार शुरुआती जांच में एसी में तकनीकी खराबी या अत्यधिक गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

दरअसल, इन दिनों ऊना जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। बढ़ती गर्मी के बीच विशेषज्ञ लोगों को बिजली उपकरणों और एसी का इस्तेमाल सावधानी से करने की सलाह दे रहे हैं, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।