उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सभी पार्टियों ने कमर कस ली है. सूबे में योगी आदित्यनाथ की सरकार का दूसरा कार्यकाल पूरा होने वाला है और भारतीय जनता पार्टी दावा कर रही है कि तीसरी बार भी प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने जा रही है. लेकिन भाजपा के अंदरखाने सब कुछ ठीक चल रहा है, ऐसा साफसाफ नहीं कहा जा सकता. इस बीच यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, इसे लेकर स्थिति योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य में रस्साकशी देखने को मिली.

सीएम योगी ने मुख्यमंत्री चेहरे पर कहा कि सीएम फेस कौन होगा, यह सबको पता है. वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने एक इंटरव्यू के दौरान कह दिया कि सीएम योगी भी सीएम बन सकते हैं और कोई अन्य भी बन सकता है.

योगी बोले कमल का फूल हमारी पहचान

एक इंटरव्यू के दौरान योगी आदित्यनाथ से जब सीएम फेस को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यूपी में सीएम फेस कौन होगा और कौन नहीं, यह सब जानते हैं. योगी ने कहा कि कमल का फूल तो हमारी पहचान है.

सीएम योगी के इस बयान को यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए संदेश माना जा रहा है. दरअसल केशव प्रसाद मौर्य ने सीएम फेस के सवाल पर कहा था कि कमल का फूल ही सीएम चेहरा है.

सीएम योगी ने कहा कि कमल के फूल पर तो हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना ही है. मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा.

मां के निधन पर क्या बोले योगी?

सीएम योगी से पूछा गया कि जब आपकी माताजी का देहांत हुआ, तो आप सभी काम निपटा कर हरिद्वार पहुंच गए पीएम मोदी को रिसीव करने के लिए. इस पर सीएम योगी ने कहा कि यही संन्यासी धर्म है.

सीएम योगी ने कहा कि मैं पार्टी का एक सामान्य सिपाही हूं. विचारधारा के साथ जुड़ा हुआ हूं. सीएम योगी ने कहा कि मैं मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में विश्वास रखता हूं. अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि हम उन मूल्यों और आदर्शों के प्रति अडिग हैं.

सीएम बोले मेरे वस्त्रों से चिढ़ है तो होने दीजिए

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मुझे अपने देश और धर्म पर गौरव की अनुभूति होती है. अगर कोई ये कहे कि आप इन्हें छोड़ दीजिए, तो मैं कहूंगा कि रहने दो. हमें किसी की मेहरबानी नहीं चाहिए. मेरे वस्त्रों से किसी को चिढ़ होती है, तो होने दीजिए.’

सीएम योगी ने कहा कि मैं बहुत ज्यादा इसकी चिंता नहीं करता. मैं किसी के कारण अपना वस्त्र तो नहीं उतारूंगा. मैं जापान गया था, वहां भी यही वस्त्र पहनकर गया था.