तमिलनाडु में बीमा के 3 करोड़ रुपये हासिल करने के लालच में बेटों ने अपने ही पिता की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि पिता को सांप से दो बार डसवाया गया। पहली बार उनकी जान बच गई, लेकिन दूसरी बार परिवार ने इलाज कराने में देरी की, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआत में इस घटना को सांप के काटने से हुई सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन बीमा क्लेम के दौरान परिवार के अलग-अलग बयानों ने पूरे मामले का राज खोल दिया।

बीमा के 3 करोड़ रुपये के लिए रची हत्या की साजिश

जानकारी के मुताबिक, 56 वर्षीय गणेशन सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में लैब असिस्टेंट के पद पर कार्यरत थे। एक सुबह घर में सोते समय सांप के काटने से उनकी मौत हो गई। उनके बेटे ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इसी बीच परिवार ने गणेशन के नाम पर मौजूद बीमा पॉलिसियों के तहत करीब 3 करोड़ रुपये का क्लेम कर दिया। हालांकि, परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बयान सामने आने पर बीमा कंपनी को शक हुआ। कंपनी ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से की, जिसके बाद विशेष जांच टीम गठित की गई।

एक सप्ताह के अंदर दो बार सांप ने काटा

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि गणेशन को मौत से करीब एक सप्ताह पहले भी कोबरा सांप ने डस लिया था। उस समय पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया, जिससे उनकी जान बच गई।

लेकिन दूसरी बार सांप के काटने पर परिवार ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने में देरी की। पुलिस को शक हुआ कि दोनों घटनाएं महज संयोग नहीं थीं, बल्कि इसके पीछे सोची-समझी साजिश थी।

बेटों ने दोस्तों के साथ मिलकर की साजिश

पुलिस के मुताबिक, गणेशन के बेटों मोहनराज और हरिहरन ने अपने पिता की बीमा राशि हासिल करने के लिए साजिश रची थी। इसमें उन्होंने अपने चार साथियों बालाजी, प्रशांत, नवीन कुमार और दिनकरन की मदद ली।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सांप का इंतजाम किया और गणेशन को उससे डसवाकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने बेटों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की, जिसके बाद कथित साजिश का खुलासा हुआ।