बालियां चुराने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों पंजाब के रहने वाले हैं.
![]()
हमीरपुर: जिला के उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत लुद्दर महादेव के गांव डुहका में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. शातिर चोरों ने बड़ी चालाकी से पहले घर के बाहर काफी समय तक घात लगाकर स्थिति का जायजा लिया और मौका मिलते ही घर के अंदर घुसकर सो रही बुजुर्ग महिला के कानों से बालियां निकालकर फरार हो गए. यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, जानकी देवी पत्नी मुंशी राम उस समय घर में अकेली सो रही थीं, जबकि उनका बेटा रामचंद अपने परिवार सहित बाहर गया हुआ था. इसी दौरान दो युवक घर के बाहर आकर आवाजें लगाते रहे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर में कोई जाग रहा है या नहीं. जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो एक युवक चुपके से घर के अंदर घुस गया. कमरे में सो रही 90 साल की बुजुर्ग को पहले उसने हाथ जोड़कर प्रणाम किया फिर बड़े आराम से बालियां निकाल लीं और दोबारा प्रणाम कर घर से निकल गया. इस दौरान बाहर उसका साथी पहले से निगरानी कर रहा था और वारदात के बाद दोनों वहां से भाग निकले.
बुजुर्ग के कान से चुरा ली बालियां (ETV Bharat)
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
घटना का पता तब चला जब परिवार के सदस्य वापस लौटे और बुजुर्ग महिला के कानों से बालियां गायब पाईं. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान कर ली. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के बाद आरोपियों ने गहनों को पट्टा क्षेत्र के एक सुनार को करीब 20 हजार रुपये में बेच दिया था.
पंजाब के रहने वाले हैं आरोपी
हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को घटनास्थल के पास से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को जाहु कस्बे से पकड़ा गया. दोनों आरोपी पंजाब के निवासी हैं और कबाड़ का काम करते हैं. अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं. साथ ही उस सुनार से भी पूछताछ की जा रही है, जिसे चोरी के गहने बेचे गए.
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. दिनदहाड़े इस तरह घर में घुसकर चोरी की वारदात ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. एसपी बलबीर सिंह ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, खासकर फेरी लगाने वालों पर नजर रखें. यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने यह भी कहा कि घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने से इस तरह की घटनाओं को रोकने में काफी मदद मिल सकती है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है.