इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि विधायिका बालिग होने की उम्र 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार कर सकती है. जस्टिस अब्दुल शाहिद ने डकैतीहत्या के एक मामले में दूसरी जमानत अर्जी खारिज होने के खिलाफ दाखिल एक नाबालिग की अपील अस्वीकार करते हुए यह टिप्पणी की.

अदालत ने केरल हाई कोर्ट के एक फैसले को ध्यान में रखते हुए ये बात कही जिसमें कहा गया था, अब समय आ गया है कि विधायिकाएं उन कानूनों में संशोधन करने पर विचार करें जो नाबालिगों और कानून के साथ संघर्ष करने वाले बच्चों से संबंधित हैं. इन कानूनों में उम्र को घटाकर 16 वर्ष कर दिया जाना चाहिए क्योंकि आज के दौर में 16 साल की उम्र तक पहुंचतेपहुंचते बच्चों में काफी परिपक्वता देखी जा रही है.

जस्टिस शाहिद ने 17 नवंबर के अपने आदेश में कहा, केरल हाई कोर्ट की उपरोक्त टिप्पणियों पर ध्यान देते हुए विधायिका इस पहलू पर उचित विचार कर सकती है.

नाबालिग ने जमानत के लिए किया था हाई कोर्ट का रुख

2022 के एक मामले में एक नाबालिग ने बागपत की निचली अदालत में दूसरी बार जमानत की अर्जी दी थी, जिसे जज ने 5 मई, 2026 को खारिज कर दिया था. नाबालिग ने निचली अदालत के इसी फैसले के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील की थी, ताकि उसे जमानत मिल सके. यह अपील ‘जुवेनाइल जस्टिस एक्ट, 2015’ की धारा 101 के तहत की गई थी, जो नाबालिगों को निचली अदालत के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करने का अधिकार देती है. सरकारी पक्ष ने इस मामले में डकैती और शुभम उर्फ मृगेंद्र नाम के व्यक्ति की हत्या के आरोप लगाए हैं.

आरोपी के वकील ने क्या दी दलील?

हाई कोर्ट में आरोपी के वकील ने कहा कि इस नाबालिग को झूठे केस में फंसाया गया है. वकील ने दलील दी कि न तो FIR में और न ही पुलिस के सामने दर्ज किए गए बयानों में उसकी कोई खास भूमिका बताई गई है. इसके अलावा, न तो उसके पास से कोई सामान बरामद हुआ है और न ही उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है.