Bhopal rape case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है. छात्रा ने विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के पति पर शादी का झांसा देकर दरिंदगी का आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 22 साल की है और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में पढ़ाई करती है. उसकी पहचान विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी की पत्नी के पति आनंददीप सिंह भामरा से हुई थी. आरोप है कि आनंददीप ने छात्रा को शादी का भरोसा दिया था. उसने कहा था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करेगा.

छात्रा का आरोप है कि इसी भरोसे में आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. यह सिलसिला पिछले करीब चार महीने से चल रहा था. इस दौरान आरोपी ने शादी करने का वादा भी किया, लेकिन जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह अपनी बात से मुकर गया.

कॉलेज कैंपस के क्वार्टर में बनाए संबंध

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी विश्वविद्यालय में कर्मचारी के तौर पर काम करती है. इसी वजह से उसे विश्वविद्यालय परिसर में क्वार्टर आवंटित था. आरोप है कि आनंददीप ने इसी क्वार्टर में छात्रा के साथ संबंध बनाए. पीड़िता को बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उससे शादी का वादा किया था.

छात्रा की शिकायत के बाद रातीबड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आनंददीप सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी की पत्नी विश्वविद्यालय में जॉब करती है

एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था. उसने छात्रा को भरोसा दिलाया था कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करेगा, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया.

एसीपी के मुताबिक, आरोपी की पत्नी विश्वविद्यालय के वर्किंग स्टाफ में है और उसे परिसर में क्वार्टर आवंटित था. इसी वजह से आरोपी का वहां आनाजाना था. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.