क्या आप भी फ्री टाइप पाते ही OTT प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज या मूवी देखने लगते हैं? जवाब अगर हां, है तो आपने देखा होगा कि OTT प्लेटफॉर्म खोलते ही आपकी पसंदीदा वेब सीरीज या मूवी सबसे आगे होती है? ज्यादातर लोग इसे सिर्फ एल्गोरिदम समझकर आगे बढ़ जाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी यह सोचा है कि आप कौन सा शो देखते हैं, वेब सीरीज की किसी सीन को बारबार चलाते हैं या कहां वीडियो बीच में छोड़ देते हैं, इन सबका हिसाब भी रखा जा सकता है? दरअसल, OTT प्लेटफॉर्म सिर्फ आपको एंटरटेनमेंट ही नहीं परोसते, बल्कि आपकी देखने की आदतों को भी समझते हैं. फिर इसी डेटा के आधार पर आपको नई वेब सीरीज, शो और फिल्मों का सजेशन मिलता है. लेकिन सवाल यह भी है कि आपकी वॉच हिस्ट्री का इस्तेमाल सिर्फ आपकी पसंद का कंटेंट समझने के लिए होता है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा कारोबारी मकसद भी है? आइए समझते हैं…

सिर्फ देखना ही नहीं, आपकी हरकतों पर भी नजर
ज्यादातर लोगों का मानना है कि OTT प्लेटफॉर्म सिर्फ उनकी वॉच हिस्ट्री सेव करते हैं. लेकिन स्थिति थोड़ा अलग है. कई सर्विस यह भी समझने का प्रयास करते हैं कि आपने किस सीरीज को कितनी बार देखा, कितनी देर देखा, कौन सा एपिसोड बीच में ही छोड़ दिया, किस सीन को फिरे से चलाया और कहां वीडियो रोककर दूसरी चीज देखने चले गए. जनवरी 2026 की मिंट रिपोर्ट के अनुसार भी यूजर्स की पसंद को समझने के लिए पॉज, रिवाइंड और कंटेंट पूरा देखने जैसे संकेतों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
एल्गोरिदम कैसे समझता है आपकी पसंद?
इसके पीछे काम करने वाला रिकमेंडेशन एल्गोरिदम अलगअलग संकेतों को जोड़कर आपकी पसंद को जानने का प्रयास करता है. उदाहरण के लिए आपने लगातार तीन क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज को किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखी. इसके बाद OTT प्लेटफॉर्म आपको उसी तरह की दूसरी सीरीज दिखाने लग सकता है. अगर आप रोमांटिक ड्रामा ज्यादा देखते हैं तो होम स्क्रीन पर ऐसे कंटेंट की संख्या बढ़ने लगती है.
यहां तक तो सब ठीक है, आपका मन कुछ देखने का हुआ, आप OTT प्लेटफॉर्म पर गए, वहां आगे ही आपके पसंद के वेब सीरीज या वीडिया मिले, आपने देखना शुरू कर दिया. असली परेशानी तो तब होती है, जब यह सुविधा आपकी पसंद को ही सीमित करने लगती है. आप कुछ नया देखना चाहते हैं, लेकिन स्क्रीन पर बारबार उसी तरह की वेब सीरीज या फिल्में का सजेशन आता रहता है. धीरेधीरे आपके सामने मौजूद विकल्पों की दुनिया छोटी होती जाती है. यानी जो सुविधा आपका समय बचाने के लिए बनाई गई थी, वही आपके सेलेक्शन को भी प्रभावित कर सकती है.
आपकी पसंद से किसे होता है फायदा?
यहां समझने वाली बात है कि आपका देखने का डेटा सिर्फ अगला शो सुझाने तक सीमित नहीं रह सकता. प्लेटफॉर्म इसका इस्तेमाल यूजर्स की पसंद को समझने, लोकप्रिय कंटेंट पहचानने, ऐड और बिजनेस प्लानिंग तैयार करने में भी कर सकते हैं. अमेरिका की संस्था FTC की साल 2024 की एक रिपोर्ट के अनुसार वीडियो और सोशल मीडिया कंपनियां यूजर्स की एक्टिविटी का इस्तेमाल कंटेंट की रैंकिंग, पर्सनलाइजेशन और यूजर एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए भी करती हैं.
लेकिन इसका यह बिल्कुल मतलब नहीं है कि सभी OTT प्लेटफॉर्म आपकी पर्सनल डिटेल्स किसी को सेल कर रहा है. डेटा का इस्तेमाल किस उद्देश्य से होगा, यह उसकी प्राइवेसी पॉलिसी पर तय करता है.
कैसे रखें अपनी डिजिटल पसंद पर कंट्रोल?
अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिक अपनी डिजिटल पसंद पर कंट्रोल कैसे रखें? इसका जवाब है कि इस तरह से समस्या से बचने के लिए सबसे पहले किसी भी OTT ऐप की प्राइवेसी सेटिंग्स और डेटा पॉलिसी को ठीक से पढ़ें. घर के दूसरे लोगों के साथ एक ही प्रोफाइल इस्तेमाल करने से बचें, नहीं तो उनकी वॉच हिस्ट्री भी आपकी रिकमेंडेशन को प्रभावित कर सकती है. जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां वॉच हिस्ट्री डिलीट करने, देखने की एक्टिविटी रोकने और पर्सनलाइज्ड ऐड को सीमित करने जैसे ऑप्शन का इस्तेमाल करें.
एंटरटेनमेंट के लिए खोला गया ऐप आपकी पसंद का अंदाजा तो जरूर लगा सकता है, लेकिन यह फैसला आपका होना चाहिए कि आप क्या देखना चाहते हैं. हर सजेशन को अपनी पसंद समझ लेना जरूरी नहीं है.



