किश्तवाड़ में दो SPO जवानों की मौत के मामले में जम्मूकश्मीर की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोपप्रत्यारोप का दौर जारी है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि सेना की गोली से SPO जवानों की मौत हुई है. वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दक्षिण कश्मीर के विधायक गुलाम अहमद मीर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से जवाब मांगा है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि किश्तवाड़ की घटना को लेकर दो अलगअलग बातें सामने आ रही हैं. एक थ्योरी के मुताबिक, जवानों को आतंकी समझकर सेना की तरफ से गोली चलाई गई, जिसमें उनकी जान चली गई. जबकि दूसरी थ्योरी बीजेपी की तरफ से सामने रखी जा रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आतंकियों ने SPO जवानों की हत्या की है. कर्रा ने कहा कि इन दोनों ही पहलुओं की जांच होना बेहद जरूरी है.

बीजेपी अपने नेताओं के बयान पर ध्यान दे कांग्रेस

उन्होंने साफ किया कि उन्होंने कभी भारतीय सेना पर SPO जवानों की हत्या का सीधा आरोप नहीं लगाया और न ही सेना का मनोबल गिराने की कोशिश की है. कर्रा ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि सेना का मनोबल गिराने की बात करने वाली बीजेपी को पहले अपने नेताओं के बयानों पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि किश्तवाड़ की स्थानीय विधायक शगुन परिहार और नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने पुलिस के लिए नाकाबिल और निकम्मे जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस तरह की भाषा उन पुलिस जवानों का मनोबल गिरा सकती है, जो लगातार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी से अपने नेताओं के बयानों के लिए माफी मांगने की मांग की. उनका कहना है कि कांग्रेस से माफी मांगने की मांग करने के बजाय बीजेपी को अपने बयानों पर जवाब देना चाहिए. कर्रा ने यह आरोप भी लगाया कि बीजेपी पंजाब चुनाव से पहले जम्मूकश्मीर और पंजाब के बीच माहौल को ध्रुवीकृत करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने मस्जिद को लेकर बीजेपी नेताओं की टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे बयानों से दोनों राज्यों का माहौल खराब हो सकता है.

गुलाम अहमद मीर ने गृह मंत्री से मांगा जवाब

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दक्षिण कश्मीर के विधायक गुलाम अहमद मीर ने भी किश्तवाड़ की घटना को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है. मीर ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर जम्मूकश्मीर में दो बड़ी आतंकी घटनाएं हुई हैं. एक तरफ कुलगाम में CRPF की नाका पार्टी पर हमला हुआ, तो दूसरी तरफ किश्तवाड़ में SPO के तौर पर काम कर रहे दो स्थानीय युवाओं के शव जिस हालत में मिले, उसने उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद कई तरह के सवाल उठे हैं, लेकिन बीजेपी नेताओं ने जिस तरह इस मुद्दे को संभाला और पुलिस पर सवाल खड़े किए, वह दुर्भाग्यपूर्ण है. 5 अगस्त 2019 के बाद जम्मूकश्मीर की कानूनव्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास है. उस समय लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि जम्मूकश्मीर का पुनर्गठन होने के बाद सुरक्षा और कानूनव्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा, लेकिन लगातार आतंकी घटनाएं सामने आ रही हैं.

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास है, तो केंद्रीय गृह मंत्री अब तक इस मामले पर खुलकर सामने क्यों नहीं आए? मीर ने कहा कि घटना को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन गृह मंत्री की तरफ से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है.

कर्रा के बयान पर मीर की सफाई, जांच पर दिया जोर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के सेना से जुड़े बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में गुलाम अहमद मीर ने कहा कि एक जिम्मेदार राजनीतिक व्यक्ति जब कोई बात कहता है, तो उसके पीछे कुछ जानकारियां भी हो सकती हैं. उनकी जानकारी के मुताबिक, घटना के शुरुआती घटनाक्रम और बाद में सामने आई परिस्थितियों को देखते हुए पूरे मामले की जांच होनी चाहिए. सुरक्षा बलों और पुलिस को भी इस घटना के बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

मीर ने शवों को उठाने के लिए JCB और डंपर के इस्तेमाल पर भी गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जम्मूकश्मीर में पहले भी कई बड़ी और भयावह घटनाएं हुई हैं, लेकिन शहीद जवानों के शवों को इस तरह उठाने की स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली. उन्होंने इसे शहीदों के परिवारों के लिए अपमानजनक और बेहद पीड़ादायक बताया.

फिलहाल किश्तवाड़ SPO हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है. कांग्रेस जहां पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्र सरकार से जवाब मांग रही है, वहीं बीजेपी पहले ही कांग्रेस नेताओं के बयानों पर सवाल उठा चुकी है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किश्तवाड़ में दोनों SPO जवानों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस पूरे घटनाक्रम की जांच में क्या सच्चाई सामने आती है?