हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पंचायत परिसर में खुद को आग लगाने की कोशिश की। महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और माचिस जलाने लगी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया।

जानकारी के अनुसार, मामला चंडयाल पंचायत का है। गुरुवार को पंचायत परिसर में नामांकन प्रक्रिया चल रही थी, जिसके चलते वहां काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान करीब 35 वर्षीय महिला अचानक वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला काफी परेशान और गुस्से में दिखाई दे रही थी।

बताया जा रहा है कि महिला ने पहले अपने परिचित युवक को पंचायत परिसर में बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान महिला ने अचानक अपने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया।

महिला जैसे ही माचिस जलाने लगी, वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और माचिस छीन ली। लोगों ने समय रहते महिला को काबू में कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि मौके पर मौजूद लोग सतर्कता नहीं दिखाते तो गंभीर घटना हो सकती थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और महिला व युवक दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। जांच के दौरान सामने आया कि महिला का मंडी निवासी एक शादीशुदा युवक के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति ने उसे तलाक दे दिया था।

बताया जा रहा है कि पति से अलग होने के बाद महिला अपने प्रेमी के भरोसे रह रही थी, लेकिन पिछले कुछ समय से युवक ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। युवक द्वारा बातचीत बंद किए जाने से महिला मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। इसी बात से आहत होकर वह युवक से मिलने पंचायत पहुंची थी। महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया। महिला ने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में कोई गलत कदम नहीं उठाएगी और युवक से संपर्क करने की कोशिश भी नहीं करेगी।