हिमाचली खबर: Leather Bag Cleaning Tips: आजकल लेदर बैग सिर्फ जरूरत का सामान नहीं बल्कि फैशन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। ऑफिस, कॉलेज, ट्रैवल और कैजुअल लुक के लिए ज्यादातर लोग लेदर बैग का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। हालांकि रोजाना इस्तेमाल करने की वजह से धूल, तेल, पानी या अन्य चीजों के दाग लगना आम बात है। लेकिन कई बार दाग इतने जिद्दी होते हैं कि आसानी से साफ नहीं होते। ऐसे में बैग को रगड़कर साफ करने से इसकी चमक खो सकती है। इसके लिए आप कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद ले सकते हैं जिससे बैग की चमक भी बरकरार रहेगी और दाग भी आसानी से निकल जाएंगे।

रबिंग अल्कोहल
रोजाना इस्तेमाल करने की वजह से कई बार लेदर बैग पर जिद्दी दाग लग जाता है। इसे साफ करने के लिए रबिंग अल्कोहल का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले रबिंग अल्कोहल को कॉटन पर लगाएं और इसकी मदद से दाग को हल्के हाथों से साफ करें। इससे बैग के दाग आसानी से साफ हो जाएंगे और ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। बैग पर लगे पेन के दाग को भी इस तरीके से साफ किया जा सकता है।
बेकिंग सोडा और पानी
बैग पर लगे जिद्दी दाग को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का यह नुस्खा कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इसे दाग वाली जगह पर लगाएं और कपड़े की मदद से साफ करें।
नेलपॉलिश रिमूवर
अगर लेदर बैग में तेल का दाग लग गया है तो इसे साफ करने के लिए नेलपॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल किया जा सकता है। दाग वाली जगह पर नेलपॉलिश रिमूवर स्प्रे करें और कपड़े की मदद से इसे पोंछ लें। इससे दाग आसानी से निकल जाएगा।
विनेगर
लेदर बैग पर कोई जिद्दी दाग लग गया है तो विनेगर बहुत काम आ सकता है। इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा सा विनेगर और पानी को बराबर मात्रा में मिलाएं। अब इस घोल को एक कपड़े में भिगोकर दाग वाली जगह पर लगाएं। कुछ देर बाद सूखे कपड़े से इसे पोछ लें। इस तरह दाग साफ किया जा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
लेदर बैग को कभी भी गंदे हाथों से इस्तेमाल न करें। इसे साफ कर रहे हैं तो हार्ड केमिकल या ज्यादा मात्रा में अल्कोहल का इस्तेमाल करने से बचें, इससे बैग खराब हो सकता है। लेदर बैग की सही तरीके से देखभाल इसे लंबे समय तक नया जैसा रखने में मदद करेगी।



