उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में देखते ही देखते महिलाओं की एक बड़ी तादाद ने करीब 70 फीट लंबी और करीब 8 से 10 फीट ऊंची दीवार को कुछ ही घंटों में धराशायी कर दिया. आरोप था कि गांव की जल निकासी नहीं हो रही है और यह दीवार ग्राम समाज की भूमि पर बनाई गई है. लेकिन अब मामला पलट गया है और दीवार गिराने में शामिल 49 पुरुष व महिलाओं को नामजद करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग उक्त भूमि पर कब्जा करना चाहते थे और इन महिलाओं को अपनी ढाल बनाकर दीवार गिराने का काम कराया था.

मामला गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र के डुहियां गांव का है, जहां मंगलवार को जल निकासी विवाद को लेकर दो समुदाय आमनेसामने आ गए. मल्लाह समुदाय की दर्जनों महिलाओं ने यादव समुदाय द्वारा निर्मित लगभग 70 फीट लंबी और पांच फीट ऊंची चारदीवारी को लोहे की रॉड से तोड़ दिया.

इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया. चारदीवारी तोड़े जाने की सूचना मिलते ही यादव समुदाय के लोग मौके पर पहुंचे और इसका विरोध करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया.

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमलेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. इस घटना की जानकारी आसपास के गांवों में भी फैल गई, जिससे वहां भी हलचल मच गई.

वहीं, जानकारी मिलने पर एसडीएम जमानिया मनोज पाठक भी पहुंचे और लोगों को समझाया. उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था कराने का भी आश्वासन दिया. साथ ही यह भी कहा कि जिन लोगों ने कानून हाथ में लेने का काम किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

क्या है असल कहानी?

अब इस मामले में ग्राम गरुआ मकसूदपुर निवासी राधेश्याम सिंह यादव ने दीवार गिराए जाने के संबंध में 49 महिला और पुरुषों के साथ ही अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. उन्होंने शिकायत में बताया है कि उनकी एक जमीन है, जिस पर वह काफी वर्षों से काबिज हैं. लेकिन विपक्षी रामविलास चौधरी सहित कई लोगों का उनकी आराजी संख्या 38 से कोई संबंध नहीं है और न ही उनके रकबे से सटी हुई विपक्षियों की कोई जमीन है.

इसके बावजूद गुंडई के बल पर वे लोग उनके गाटा संख्या 38 पर अवैध कब्जा करने की नीयत से 10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल, जिसे उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए बनवाया था, मंगलवार को रम्मा, फरसा और हथौड़े से तोड़ दिया.

जानकारी मिलने पर ये लोग भी मौके पर पहुंचे और जब उन्होंने आरोपियों को दीवार तोड़ने से मना किया, तब आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और डायल 112 पुलिस को सूचना दी. जब 112 पुलिस मौके पर पहुंची तो विपक्षीगणों ने महिलाओं को आगे कर दिया.

वहीं, अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 49 नामजद महिला और पुरुषों के साथ ही कई अज्ञात महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.