हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के धौलाकुआं के समीप जंगल में मिली महिला की “अधजली लाश” की गुत्थी एक सनसनीखेज और खौफनाक मोड़ पर पहुंची है। इस पूरे मामले में सामने आया “बोरी वाला एंगल” खौफनाक मर्डर मिस्ट्री की सबसे अहम कड़ी बन गया है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां कैद होने के बाद हरियाणा के बराड़ा थाना पुलिस ने महिला के अपहरण का मामला दर्ज किया था। इसके बाद जो सच सामने आया, उसने पुलिस को भी झकझोर कर रख दिया।
जांच में सामने आया है कि दोनों ने जहर खाने का वादा किया था, लेकिन पीड़िता अमनप्रीत ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया जबकि आरोपी ने खुद जहर नहीं खाया। अब पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि महिला को जबरदस्ती जहर दिया गया था या नहीं। वहीं, एक रिक्शा चालक ने 100 रुपये लेकर लाश से लदी बोरी को कार तक पहुंचाया था।
मृतका की पहचान 36 वर्षीय अमनप्रीत कौर पुत्री इंदर पाल सिंह के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला जिला के बराड़ा क्षेत्र की जानकपुरी कॉलोनी निवासी संदीप पुत्र जोगेंद्र सिंह के तौर पर हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
सूत्रों के मुताबिक, अमनप्रीत कौर अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इसी दौरान कुछ सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी, जिसमें एक संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। फुटेज में बोरी को ले जाते हुए बराड़ा की एक गली में संदिग्ध हलचल नजर आई थी। इसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और बराड़ा थाना में किडनैपिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वीरवार दोपहर, हरियाणा के बराड़ा में एक पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस ने इस सनसनीखेज कत्ल की साजिश पर से पर्दा उठाया। खौफनाक वारदात के बाद शव को बोरी में भरकर खुलेआम रिक्शा पर ढोया गया और बाद में स्विफ्ट कार में रखकर जंगल तक पहुंचाया गया।
हरियाणा पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस की नजर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला की ओर गई। इसी बीच धौलाकुआं के समीप कोदेवाला क्षेत्र के जंगल में एक महिला की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। देहरादून-पांवटा साहिब-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ ही दूरी पर मिली इस लाश ने पूरे इलाके को दहला दिया। सबसे बड़ा और डरावना सवाल अब यही है कि क्या अमनप्रीत कौर की मौत बोरी में डालने से पहले ही हो चुकी थी या फिर उसे जिंदा हालत में ले जाया गया था। हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां ये इशारा कर रही हैं कि पीड़िता के मरने के बाद शव को बोरी में भरा गया था।
पुलिस की मानें तो प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को जलाने की कोशिश भी सबूत मिटाने के इरादे से की गई मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी की लोकेशन सिरमौर क्षेत्र में मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने हिमाचल पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी। आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की बात भी सामने आ रही है।
फिलहाल बराड़ा पुलिस मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर पूरी वारदात की कड़ियां तलाश रही है। उधर इस खौफनाक घटना ने हिमाचल और हरियाणा दोनों राज्यों में सनसनी फैला दी है। जंगल में मिली अधजली लाश, बोरी में ले जाए जाने की आशंका और सीसीटीवी फुटेज अब इस पूरे केस को एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री में बदल चुके हैं।
उधर,पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में कहा कि फॉरेंसिक व पोस्टमॉर्टेम की रिपोर्ट हरियाणा पुलिस से सांझा की जाएगी।