मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यूनिवर्सिटी छात्र को चरस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को देखते ही इतना घबरा गया कि उसने जेब से एक लिफाफा निकालकर नाले में फेंक दिया। लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और पुलिस ने मौके पर ही पूरा खेल पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, मामला गोहर क्षेत्र के चौगान का है। यहां मुख्य आरक्षी धर्म सिंह अपनी टीम के साथ करसोग रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अभिलाषी यूनिवर्सिटी की वर्दी पहने एक युवक वहां पैदल आता दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने जैसे ही पुलिस टीम को देखा, वह घबरा गया और नजरें चुराने लगा। उसकी हरकतों पर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद टीम ने उस पर नजर बनाए रखी। तभी युवक ने जेब से एक पॉलिथीन निकाली और उसे पास के नाले की तरफ फेंक दिया।
युवक की संदिग्ध गतिविधि देखते ही पुलिस ने तुरंत उसे रोक लिया और स्वतंत्र गवाहों को मौके पर बुलाया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान लक्ष्य पुत्र धनी राम निवासी गांव काफलू, तहसील चच्योट जिला मंडी के रूप में बताई। उसकी उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में नाले में फेंके गए लिफाफे की जांच की। तलाशी लेने पर उसमें से 75 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी होते ही पुलिस ने आरोपी छात्र को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
उधर, गोहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रमेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।