हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बंगाणा उपमंडल के अगलौर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से चार वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान वेदांश पुत्र संजीव कुमार निवासी तलेहड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद वेदांश अपनी मां के साथ पैदल घर लौट रहा था।

इसी दौरान अगलौर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई एक मोटरसाइकिल ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मां अपने बेटे को खून से लथपथ देख चीखने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को बंगाणा अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान मासूम जिंदगी की जंग हार गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर रुके बिना फरार हो गया। हालांकि, पास की दुकान पर मौजूद एक दुकानदार ने बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।