हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी से ठीक दो दिन पहले युवती के लापता होने का मामला अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। युवती ने आरोपी युवक लतीफ पर दुष्कर्म और शादी का झूठा झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 5 मई को युवती के परिजनों ने थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि पड़ोसी गांव का युवक लतीफ उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों की मदद से कार्रवाई शुरू की। करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस ने युवती को पंजाब के लुधियाना से बरामद कर लिया और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।

बताया जा रहा है कि अंब कोर्ट में युवती के बयान दर्ज किए गए, जिनमें उसने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि लतीफ ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 87 के साथ धारा 69 भी जोड़ दी है, जो शादी का झूठा वादा कर बनाए गए संबंधों से जुड़ी मानी जाती है।

DSP अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवती को किन परिस्थितियों में अपने साथ ले जाया गया और दोनों के बीच संबंध कब से थे।

घटना के कारण चार परिवारों में तनाव का माहौल है। युवती की शादी दो दिन बाद तय थी और दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम ने माहौल पूरी तरह बदल दिया।

मामला उस समय और ज्यादा गर्मा गया जब थाना परिसर के बाहर आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों का आरोपी के परिजनों से आमना-सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई, हालांकि पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया।

फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।