Bihar Cabinet Decisions 2026:बिहार सरकारी की कैबिनेट बैठक में सोमवार को बिजली, पेयजल, पर्यटन, सड़क और बैंकिंग से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए. दरभंगा एयरपोर्ट के पास लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के लिए जमीन अधिग्रहण पर 225.91 करोड़ रुपये मंजूर किए गए. वैशाली में पर्यटन रिसॉर्ट और भीम बांध में इको टूरिज्म विकसित करने की योजना को भी मंजूरी मिली.

दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब विकसित करने के लिए 49.9973 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी. इसके मुआवजे के लिए 225 करोड़ 91 लाख 30 हजार 742 रुपये मंजूर किए गए हैं. इस परियोजना का उद्देश्य हवाई माल परिवहन, भंडारण और लॉजिस्टिक सुविधाओं के विकास के लिए आधार तैयार करना है.

वैशाली में रिसॉर्ट, भीम बांध में इको टूरिज्म

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वैशाली में 10 एकड़ जमीन पर रिसॉर्ट विकसित किया जाएगा. इसे जननिजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल पर बनाने और संचालित करने की योजना है.

वहीं, भीम बांध क्षेत्र में इको टूरिज्म विकसित करने के लिए तीन क्लस्टरों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. इन्हें भी पीपीपी मॉडल के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा. इससे प्राकृतिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा.

बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 626 करोड़ से ज्यादा

कैबिनेट ने बिजली संचरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है. तारापुर ग्रिड उपकेंद्र को दूसरा स्वतंत्र ऊर्जा स्रोत उपलब्ध कराने के लिए 51.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत अतिरिक्त 132 केवी डबल सर्किट संचरण लाइन और चार लाइन बे बनाए जाएंगे.

वहीं, सुपौल जिले के पिपरा में नए ग्रिड उपकेंद्र और उससे जुड़ी 220 केवी व 132 केवी संचरण लाइनों के निर्माण के लिए 575.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इसमें 115.07 करोड़ रुपये इक्विटी और 460.29 करोड़ रुपये वित्तीय संस्थानों से ऋण के रूप में जुटाए जाएंगे. ऋण के लिए राज्य सरकार की गारंटी का प्रावधान भी है.

मुंगेर और वैशाली में पेयजल योजनाओं को मंजूरी

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर और टेटियाबंबर प्रखंडों में 279.51 करोड़ रुपये की ग्रामीण पेयजल योजना को मंजूरी मिली है. खड़गपुर झील के सतही जल से 22 एमएलडी क्षमता वाली इस योजना के जरिए 14 पंचायतों के 177 वार्डों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी. इसमें पांच साल तक संचालन और रखरखाव भी शामिल है.

वैशाली के महुआ और चेहराकलां प्रखंडों में गंगा के सतही जल से 72 एमएलडी क्षमता वाली बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना बनाई जाएगी. 506.71 करोड़ रुपये की इस परियोजना से 36 पंचायतों के 493 वार्डों में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की योजना है.

सहकारी बैंक को 75 करोड़, साइबर सुरक्षा पर भी जोर

खगड़िया जिला केंद्रीय सहकारी बैंक को वित्तीय वर्ष 202627 में 75 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा. इसका उद्देश्य बैंक को न्यूनतम 9 प्रतिशत पूंजी जोखिमभारित परिसंपत्ति अनुपात हासिल करने में मदद करना है.

इसके अलावा बिहार राज्य सहकारी बैंक और उससे जुड़े जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों की साइबर सुरक्षा मजबूत करने के लिए साइबर सुरक्षा संचालन केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. इसके लिए 66.11 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि स्वीकृत की गई है.

ग्रामीण कार्य विभाग के तहत ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण और रखरखाव के लिए नया कार्यक्रम लागू किया जाएगा. पटना के गर्दनीबाग टैंक पार्क के विकास के लिए एनबीसीसी लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की मंजूरी भी मिली है.

कैबिनेट ने बिहार सूचना प्रौद्योगिकी अवर सेवा नियमावली, 2026 के गठन और बक्सर के राजकीय श्री धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालयसहचिकित्सालय में तीन अतिरिक्त पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी है. इसके साथ पूर्व मंत्री और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती हर साल 5 अक्टूबर को राजकीय समारोह के रूप में मनाने का फैसला लिया गया.